किसानों को भटकने की जरूरत नहीं, कृषि मंत्री बोले- मोबाइल पर सारी जानकारी देगा भारत विस्तार AI  

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि क्षेत्र में कई सुधार किए गए हैं. उन्हीं सुधारों का नतीजा है कि आज हम चावल के उत्पादन में दुनिया में पहले नंबर पर हैं. गेहूं के भंडार भरे हैं. हमारे खाद्यान्न के उत्पादन में पिछले 10 सालों में 34 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है. लेकिन अभी और सुधारों की जरूरत है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Published: 25 Feb, 2026 | 02:20 PM

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूसा के कृषि मेला (pusa krashi mela) में कहा कि किसानों को अब कहीं भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्हें सभी योजनाओं और खेती संबंधी जानकारी भारत विस्तार एआई के जरिए मोबाइल पर मिलेगी. किसान घर बैठे सीधे सवाल पूछेंगे और उन्हें जवाब मिलेगा. भारत विस्तार एआई मिशन के जरिए खेती में आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (AI) के इस्तेमाल को बढ़ाकर फसलों के नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी और सटीक मौसम जानकारी पाकर किसान उपज ज्यादा हासिल कर सकेंगे. कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि क्षेत्र में कई सुधार किए जा रहे हैं, ताकि हमारे अन्नदाता को असुविधा न हो और उसे कम समय में ज्यादा जानकारी मिल सके.

कृषि सुधारों के चलते चावल-गेहूं का उत्पादन बढ़ा

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया से बात करते कहा कि कई सुधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए हैं. उन्हीं सुधारों का प्रभाव है कि आज हम चावल के उत्पादन में दुनिया में प्रथम स्थान पर आ गए हैं. गेहूं के भंडार भरे हैं. हमारे खाद्यान्न के उत्पादन में पिछले 10 सालों में 34 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है. लेकिन अभी और काम करना बाकी है और इसलिए हम कई सुधारों पर चर्चा कर रहे हैं. उन सुधारों पर भी तेजी से चर्चा करके खाद्यान्न के भंडार भरना, गुणवत्ता पूर्ण उत्पादन हमारा हो और किसानों की आमदनी बढ़ाने का काम हम लगातार करेंगे.

निर्यात के लिए अच्छी क्वालिटी के फल-सब्जियों पर जोर

भारत केवल भारत के लिए ही नहीं बल्कि दुनिया के लिए ‘फूड बास्केट’ बन जाए इसकी भी हम चिंता करेंगे. निर्यात के लिए गुणवत्ता के फल, सब्जियां, फूल और अनाज कैसे पैदा करें, इस पर भी हम काम करेंगे. प्रक्रियाओं के भी सरलीकरण में भी, जिससे योजनाओं का लाभ लेने में किसानों को कोई समस्या न हो. ऐसी व्यवस्था हम काम करेंगे और कई चीजें हैं जिन पर हम आगे भी प्रयत्न करेंगे.”

किसान को कहीं जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी, मोबाइल पर मिलेंगे जवाब

केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि भारत विस्तार योजना खेती में आधुनिकीकरण को तेज करेगी. उन्होंने कहा कि भारत विस्तार ऐसा AI प्लेटफॉर्म है जिससे किसान को कहीं जाने की जरूरत नहीं है. वो सीधे मोबाइल पर सवाल पूछेगा और उसे जवाब मिलेगा. भारत विस्तार AI प्लेटफॉर्म आज हमने लॉन्च किया है और इसमें अब बाकी भाषाओं में भी कई तरह की जानकारी दी जाने की व्यवस्था होगी.”

भारत विस्तार AI के लिए 150 करोड़ का बजट

केंद्र सरकार ने भारत-VISTAAR’ (Bharat-VISTAAR) AI टूल को बजट 2026-27 में किसानों के लिए लॉन्च किया जा चुका है. इस विशेष AI-पावर्ड कृषि प्लेटफॉर्म के लिए 150 करोड़ रुपये का आवंटन भी बजट में किया गया है. भारत-VISTAAR एआई के जरिए कृषि में AI का इस्तेमाल बढ़ेगा. ड्रोन से फसल मॉनिटरिंग, रोग पहचान (AI आधारित ऐप), मौसम पूर्वानुमान, स्मार्ट सिंचाई समेत कई अन्य तरह की सेवाएं मिलेंगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

खीरे की फसल के लिए किस प्रकार की मिट्टी सबसे अच्छी मानी जाती है?