National Crop Insurance Portal: कृषि और किसानों के विकास के लिए केंद्र सरकार ने बजट में भारत विस्तार प्लेटफॉर्म बनाने का ऐलान किया है और इस पर शुरुआत भी कर दी गई है. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्यसभा में जवाब देते हुए कहा कि फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए डिजिटल तरीका अपनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल से 2.90 करोड़ किसानों को जोड़ने का काम किया गया है. इससे उन्हें त्वरित भुगतान किया जा सकेगा. वहीं, इससे फर्जीवाड़े को रोकने में मदद मिलने की बात कही जा रही है.
2.90 करोड़ किसानों को राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल से जोड़ा गया
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए वरदान है. निश्चित समय सीमा के अंदर किसानों को फसल बीमा योजना का फायदा मिले, इसके लिए 2.90 करोड़ किसान आईडी को राष्ट्रीय फसल बीमा पोर्टल (National Crop Insurance Portal) से जोड़ने का काम किया गया है. उन्होंने कहा कि किसानों की फसलों के नुकसान की भरपाई सरकार कर रही है ताकि उन्हें आर्थिक मजबूती दी जा सके.
एक साल में रिकॉर्ड 4.19 करोड़ किसानों को फसल बीमा का लाभ मिला
कृषि मंत्रालय के अनुसार प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) प्राकृतिक आपदा, पेस्टिंग, बीमारी और खराब मौसम परिस्थितियों के चलते फसल बर्बाद होने की स्थिति में चक्रीय फसल के लिए किसानों को मूलभूत सुरक्षा प्रदान करती है. 2024-25 में इस योजना से 4.19 करोड़ किसानों को सुरक्षा मिली, जो कि 2022-23 से 32 फीसदी अधिक है और इसने 6.2 करोड़ हेक्टेयर भूमि कवर की, जो बीते वर्ष के मुकाबले 20 फीसदी अधिक है.
खेती में एआई तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर
किसानों की उत्पादकता बढ़ाने और उनकी आजीविका में सुधार लाने के लिए हमने खेती में AI इस्तेमाल करने का फैसला किया है. ‘भारत विस्तार’ प्लेटफार्म भी हम बना रहे हैं, जिसके माध्यम से बीज से लेकर खाद तक, दवाइयों से लेकर रोग से बचाने के उपायों तक और सरकार की योजनाओं के लाभ तक, किसान केवल सवाल पूछेगा और उसे समाधान मिल जाएगा.
कृषि नीति के 3 प्रमुख लक्ष्य बताए
कृषि मंत्री ने कहा कि हमारी कृषि नीति के तीन लक्ष्य हैं पहला -किसानों की आय बढ़ाना, दूसरा- देश की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना और तीसरा- जनता को पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को पाने के लिए हमने 6 सूत्रीय रणनीति बनाई है. किसानों की हालत बदलने के लिए हमने कृषि के लिए डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर के निर्माण की घोषणा की है.
हॉर्टिकल्चर में युवा अपने टैलेंट से स्टार्टअप ला रहे
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि टेक्नोलॉजी और डेटा आज के युग में एक बड़ी ताकत है. मुझे कहते हुए प्रसन्नता है कि डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के माध्यम से खेती के क्षेत्र में कई युवा नित नए प्रयोग कर रहे हैं. हॉर्टिकल्चर में अलग-अलग प्रयोग कर रहे हैं और अपने टैलेंट का उपयोग करके स्टार्टअप कल्चर लेकर आ रहे हैं.