हर कोई किसानों के पैसे को लूटना, बेईमानी करना या दबाना चाहता है. अब सरकार भी किसानों का पैसा 3 महीने से नहीं लौटा रही है. हरियाणा के 19923 किसानों का 170 करोड़ रुपये नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग (HAREDA) दबाए बैठा है. किसानों ने सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम लगवाने के लिए आवेदन करते समय राशि जमा की थी. बाद में न तो सोलर सिस्टम लगा और जब किसानों ने पैसा मांगा तो उन्हें टरकाया जा रहा है. किसानों को बार बार अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.
27 हजार में से केवल 8 हजार किसानों को मिला लाभ
हरियाणा सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग (HAREDA) के जरिए पीएम कुसुम योजना के तहत किसानों को सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम लगाने के लिए आवेदन मांगे गए थे. भारतीय किसान एकता के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने किसान इंडिया को बताया कि हरियाणा में 27973 किसानों ने सोलर लगवाने के लिए आवेदन किया था, जिसमें से केवल 8050 किसानों को सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम लगाने का वर्क आर्डर जारी हुआ है, बाकी किसानों को इंतजार कराया गया है और अब तक न तो योजना का लाभ मिला है और ना ही उनकी ओर से जमा की गई रकम वापस दी जा रही है.
19 हजार से ज्यादा किसानों का 170 करोड़ रुपया नहीं दे रहा विभाग
किसान नेता लखविंदर औलख ने कहा कि अभी भी 19923 किसानों की लगभग 170 करोड़ जमा राशि तीन महीनों से सरकार के पास पड़ी है, जिसका किसानों को वापसी भुगतान नहीं किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद समेत अन्य जिले के हजारों किसानों की जमा राशि भी इसी में शामिल है. किसानों को सोलर कनैक्शन भी नहीं मिला और वह अपनी जमा राशि वापस लेने के लिए बार-बार विभाग के चक्कर काट रहे हैं.
- Agriculture Budget: कृषि योजनाओं के लिए नहीं बढ़ा बजट, खेती पर खर्च होंगे 1.62 लाख करोड़ रुपये.. पढ़ें डिटेल्स
- Budget 2026: ‘विकसित भारत’ का दावा या जनता को धोखा? बजट पेश होते ही ममता से अखिलेश तक भड़के विपक्षी नेता!
- बजट में रिफॉर्म्स पर फोकस.. ग्रामीण विकास समेत इन सेक्टर्स को बूस्ट देने की घोषणाएं, पढ़ें- कृषि मंत्री ने क्या कहा
सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम के लिए 109924 रुपए प्रति किसान जमा कराए गए
किसान नेता ने कहा कि सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम आवेदनकर्ता किसानों को जिनका वर्क आर्डर में नाम नहीं है और किसानों ने जमा राशि वापस लेने के लिए आवेदन भी दिया है, उन्हें विभाग पेमेंट वापसी के लिए बार-बार चक्कर कटवा रहा है. हरियाणा के किसानों ने सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम लगवाने के लिए आवेदन के साथ 10 एचपी डीसी सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम के लिए 109924/- रुपए और 3 एचपी से लेकर 10 एचपी तक अलग-अलग कैटेगरी के आवेदन कर्ता किसानों ने सरकार को आवेदन राशि दिसंबर 2025 में ही भेज दी थी.
किसानों ने उपायुक्त को भेजी चिट्ठी, कहा- जल्दी वापस कराएं राशि
बीकेई प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख की अध्यक्षता में झोरड़ रोही गांव में किसानों की मीटिंग हुई, जिसमें सोलर वॉटर पंपिंग सिस्टम हेतु जमा करवाई गई राशि सोलर कनेक्शन ना मिलने वाले किसानों को तुरंत वापस कराने की मांग करते हुए सिरसा जिले के अतिरिक्त उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा गया है. मांग पत्र के माध्यम से सोलर कनैक्शन से वंचित सभी किसानों को पेमेंट जल्द से जल्द जारी करने की अपील की और जब भी वर्ष 2026 में पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर कनैक्शन की नई स्कीम आए, उसमें दिसंबर 2025 के आवेदन कर्ता किसानों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि सोलर कनैक्शन से वंचित किसानों को कनैक्शन मिल सके और तब तक सभी आवेदन कर्ता किसानों की जमा राशि उनके बैंक खातों में वापस डाली जाए.