20 दिन में तैयार करें बिकाऊ सब्जियों की नर्सरी, इस आसान तरीके से मजबूत पौधे और होगी तगड़ी कमाई

सब्जियों की बेहतर खेती के लिए मजबूत नर्सरी तैयार करना सबसे जरूरी कदम है. सही बेड, संतुलित खाद, नियमित सिंचाई और धूप से बचाव अपनाने पर कम समय में स्वस्थ पौधे तैयार किए जा सकते हैं. इससे फसल की गुणवत्ता सुधरती है और किसानों को बेहतर उत्पादन व अच्छी कमाई का अवसर मिलता है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 18 Aug, 2026 | 11:30 PM

Vegetable Nursery: सब्जियों की अच्छी पैदावार की शुरुआत मजबूत और स्वस्थ पौधों से होती है. इसलिए नर्सरी तैयार करते समय सही तकनीक अपनाना बेहद जरूरी है. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, यदि मौसम के अनुसार सही किस्म के बीज चुने जाएं और वैज्ञानिक तरीके से नर्सरी तैयार की जाए, तो कम समय में मजबूत पौधे तैयार किए जा सकते हैं. इससे खेत में पौधों की बढ़वार अच्छी होती है और उत्पादन बढ़ने की संभावना भी अधिक रहती है.

ऐसे तैयार करें मजबूत नर्सरी बेड

कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार बताते हैं कि सबसे पहले जिस स्थान पर नर्सरी बनानी है, वहां की मिट्टी की अच्छी तरह खुदाई  या गुड़ाई करें. इसके बाद ऊपरी मिट्टी को कुछ समय के लिए हटाकर धूप लगने दें. इससे मिट्टी में मौजूद कई हानिकारक कीट और रोग पैदा करने वाले जीव कम हो जाते हैं. बाद में उसी मिट्टी में अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद के साथ जरूरत के अनुसार डीएपी और पोटाश मिलाकर बेड तैयार करें. इसके बाद बीजों की समान दूरी पर बुआई करें और ऊपर से हल्की मिट्टी की परत डाल दें. सही तरीके से तैयार किया गया बेड पौधों की बेहतर बढ़वार में मदद करता है.

सिंचाई और धूप से बचाव है सबसे जरूरी

विशेषज्ञों के अनुसार, बीज बोने के बाद पौधों को जरूरत  के अनुसार हल्की सिंचाई करनी चाहिए. शुरुआती दिनों में स्प्रिंकलर या फव्वारे से पानी देना सबसे बेहतर माना जाता है, क्योंकि इससे बीज अपनी जगह से नहीं हटते. अंकुर निकलने तक मिट्टी में नमी बनाए रखना जरूरी है. साथ ही तेज धूप से छोटे पौधों की सुरक्षा भी बेहद आवश्यक है. इसके लिए ग्रीन नेट या शेड नेट का उपयोग किया जा सकता है. इससे पौधों पर सीधी धूप नहीं पड़ती और उनकी बढ़वार बेहतर होती है. उचित देखभाल करने पर लगभग 8 दिनों में बीज अंकुरित होने लगते हैं.

20 दिन में तैयार हो सकते हैं बिक्री योग्य पौधे

कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, यदि नर्सरी की वैज्ञानिक तरीके से देखभाल की जाए तो लगभग 15 से 20 दिनों में पौधे रोपाई और बिक्री के लिए तैयार हो सकते हैं. स्वस्थ पौधों की बाजार में अच्छी मांग रहती है, जिससे किसान अतिरिक्त आय भी कमा सकते हैं. इसके अलावा अच्छी गुणवत्ता वाले पौधे खेत में लगाने से फसल मजबूत होती है और उत्पादन बढ़ने की संभावना भी अधिक रहती है. विशेषज्ञों का कहना है कि कम लागत में तैयार की गई सब्जियों की नर्सरी किसानों के लिए आय बढ़ाने का अच्छा माध्यम बन सकती है. सही तकनीक, संतुलित पोषण और नियमित देखभाल अपनाकर कम समय में बेहतर गुणवत्ता वाले पौधे तैयार किए जा सकते हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 18 Aug, 2026 | 11:30 PM

लेटेस्ट न्यूज़