उत्तर प्रदेश के गन्ना किसानों का बकाया भुगतान तेजी से किया जा रहा है. सरकार ने कहा कि उसने 2017 से अब तक गन्ने के किसानों को रिकॉर्ड 3,21,963 करोड़ रुपये का भुगतान किया है. सरकार ने दावा किया कि पिछले नौ सालों में किसानों को सबसे ज्यादा समय पर भुगतान योगी सरकार ने किया है. हालांकि, केंद्रीय आंकड़े कहते हैं कि देशभर में गन्ना किसानों का अभी भी चीनी मिलों पर 12 हजार करोड़ से ज्यादा राशि बकाया है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने आधिकारिक बयान में कहा है कि 2017 से अब तक गन्ने के किसानों को रिकॉर्ड 3,21,963 करोड़ रुपये का भुगतान किया है. सरकार ने दावा किया कि पिछले नौ सालों में किसानों को सबसे ज्यादा समय पर भुगतान योगी सरकार ने किया है. सरकारी बयान में कहा गया है कि यह भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया जा रहा है, जिससे बिचौलियों की भूमिका पूरी तरह खत्म हो गई है.
पहले फैसले में माफ किया गया 36 हजार करोड़ कर्ज
राज्य सरकार पहले दिन से ही किसानों के हित में काम कर रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने पहले ही फैसले में 36,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के कृषि ऋण माफ कर दिए थे, जबकि गन्ने के किसानों को समय पर भुगतान किया जा रहा है. गन्ने की खेती और चीनी उद्योग अब ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन गए हैं. राज्य सरकार किसानों की समृद्धि, युवाओं के लिए रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है.
2007 से 2026 तक गन्ना किसानों को 3.21 लाख करोड़ का भुगतान
गन्ने के किसानों को समय पर भुगतान करने की मौजूदा सरकार की नीति ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. 2007 से 2012 के बीच गन्ने के किसानों को कुल 52,131 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था, जबकि अगले पांच सालों में 2017 तक गन्ने के किसानों के 95,215 करोड़ रुपये के भुगतान का निपटारा किया गया था. योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने 2017 से अब तक रिकॉर्ड 3,21,963 करोड़ रुपये का भुगतान किया है. राज्य सरकार की एक नई पहल ‘स्मार्ट गन्ना किसान’ प्रणाली के जरिए गन्ने के रकबे का सर्वे, कैलेंडरिंग और पर्ची जारी करने की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया गया है.
केंद्र सरकार ने एक लाख करोड़ से ज्यादा का बकाया भुगतान किया
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अनुसार देश के किसानों की गन्ना बकाया राशि भुगतान की जा रही है. आंकड़े जारी करते हुए बताया गया है कि पिछले चीनी सीजन 2024-25 में 20 अप्रैल 2026 तक गन्ने के कुल 1,02,687 करोड़ रुपये के बकाया में से किसानों को लगभग 1,02,209 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है. इस प्रकार गन्ने का लगभग 99.5 फीसदी बकाया चुका दिया गया है.
देशभर के किसानों का 12 हजार करोड़ रुपये बकाया
केंद्रीय आंकड़ों में चीनी सीजन 2025-26 में 20 अप्रैल 2026 तक गन्ने के कुल 1,12,740 करोड़ रुपये के बकाया में से किसानों को लगभग 99,961 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया गया है. इस प्रकार से गन्ने का लगभग 88.6 फीसदी बकाया चुका दिया गया है. जबकि, 11 फीसदी यानी करीब 12 हजार करोड़ रुपये किसानों का अभी बकाया है. यह राशि देशभर के किसानों को दी जानी है.