अफसरों की मिलीभगत से यूरिया घोटाला, आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भड़के किसान

Haryana Urea Scam : किसान नेता लखविंदर सिंह औलख ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यूरिया खाद घोटाले में दर्ज मुकदमे के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो इथेनॉल प्लांट के मुख्य द्वार पर धरना प्रदर्शन होगा.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Published: 14 Jul, 2026 | 05:48 PM

हरियाणा में यूरिया घोटाले में आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर किसानों में भारी असंतोष है. किसानों का कहना है कि उनके लिए कृषि ग्रेड यूरिया की सप्लाई इंडस्ट्रियल यूज में की जा रही है, जिससे उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है. बीते सप्ताह सिरसा जिले में ई20 प्लांट में कृषि ग्रेड यूरिया की सप्लाई पकड़ी गई थी, भारी मात्रा में फर्जी बिलों के साथ बिना मार्किंग के यूरिया बोरियां मिली थीं. किसानों की पहल पर प्लांट संचालक और अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है. किसानों ने मिलीभगत का आरोप लगाया है.

हरियाणा के सिरसा जिले के डबवाली के पन्नीवाला रूलदु स्थित ई-20 ग्रीन फ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में एग्रीकल्चर ग्रेड की यूरिया का इस्तेमाल करते पकड़ा गया था. भारतीय किसान एकता के किसान नेता की शिकायत पर सिरसा के उप कृषि निदेशक की टीम ने मामले की जांच के बाद भारी संख्या में कृषि कार्यों वाली खाद को जब्त किया है. फैक्ट्री के मालिक हरी ग्रोवर के खिलाफ सदर थाना डबवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है.

फर्जी बिलों पर कृषि ग्रेड यूरिया का घोटाला

भारतीय किसान एकता (बीकेई) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने मंगलवार को डबवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि गांव पन्नीवाला रूलदु स्थित ई-20 ग्रीन फ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड में किसानों के लिए सब्सिडी पर उपलब्ध करवाई जाने वाली एग्रीकल्चर ग्रेड (नीम-कोटेड) यूरिया खाद को कथित रूप से फर्जी तरीके से टैक्निकल ग्रेड के गट्टों में भरकर तथा सीधे 45 किलो वाले सब्सिडी वाले कट्टों में लंबे समय से औद्योगिक उपयोग में लिया जा रहा था.

एफआईआर के बाद गिरफ्तारी अब तक नहीं

उन्होंने कहा कि भारतीय किसान एकता की टीम और कृषि विभाग द्वारा संयुक्त कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में यूरिया खाद का भंडारण पकड़ा गया था, जिसके आधार पर सदर थाना डबवाली में एफआईआर नंबर 0233 दर्ज की गई. इसके बावजूद अब तक फैक्ट्री मालिकों की गिरफ्तारी नहीं होना गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर निष्पक्ष जांच की जाए, ताकि किसानों के अधिकारों से जुड़े इस कथित घोटाले में शामिल सभी दोषी लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई हो सके.

प्लांट गेट पर प्रदर्शन की चेतावनी

किसान नेता लखविंदर सिंह औलख ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यूरिया खाद घोटाले में दर्ज मुकदमे के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई तो भारतीय किसान एकता गांव पन्नीवाला रूलदु स्थित ई-20 ग्रीन फ्यूल्स प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य द्वार पर धरना देगी. उन्होंने कहा कि अफसरों की मिलीभगत से किसानों के हक की यूरिया का घोटाला किया जा रहा है. किसान इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़