Mango Farming Tips: फरवरी का महीना आम के बागवानों और घर के बगीचों में आम के पेड़ लगाने वालों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है. इस दौरान आम के पेड़ों में ‘मंजर’ यानी फूल आने लगते हैं, जो तय करते हैं कि इस साल आपको कितने और किस तरह के आम मिलेंगे. अगर आप चाहते हैं कि आपका पेड़ मीठे और रसीले आमों से लदा रहे, तो फरवरी में कुछ खास देखभाल करना जरूरी है.
मंजर के समय सिंचाई का सही प्रबंधन
जब आम के पेड़ में फूल आने लगते हैं, तो इस समय ज्यादा पानी देना नुकसानदायक हो सकता है. अधिक पानी देने से पेड़ नई पत्तियां उगाने पर ध्यान देता है और फल कम आते हैं. इसलिए फरवरी में जब फूल निकलने लगें, तो सिंचाई बंद कर दें. इसके बाद, जब फूल पूरी तरह से खिल जाएं और छोटे फल बन जाएं, तभी दोबारा हल्की सिंचाई शुरू करें. इससे फलों के गिरने का खतरा कम होता है.
मिट्टी की तैयारी और खाद-फर्टिलाइजर
फलों को मीठा और बड़ा बनाने के लिए पेड़ को पर्याप्त पोषण देना जरूरी है. फरवरी के पहले हफ्ते में पेड़ के तने के चारों ओर मिट्टी को हल्का खोदें और इसमें गोबर की खाद के साथ पोटैशियम फर्टिलाइजर डालें. पोटैशियम फलों की मिठास और चमक बढ़ाने में अहम भूमिका निभाता है. इसके साथ ही, माइक्रोन्यूट्रिएंट स्प्रे करने से पेड़ की संपूर्ण सेहत बेहतर रहती है और फूल और फल मजबूत बनते हैं.
- Tip Of The Day: फरवरी में एक गलती और 30% गेहूं हो जाएगा चौपट! जान लें फसल गिरने से बचाने के 5 पक्के उपाय
- गाय-भैंस में ये 5 पोषण की कमी बन सकती हैं जानलेवा! एक गलती और दूध-कमाई दोनों हो जाएगी जीरो, जानें
- फरवरी में मुर्गीपालकों की एक गलती करा सकती है भारी नुकसान! जानें दाना-पानी से जुड़ी सरकारी एडवाइजरी
मंजर पर हमला करने वाले कीटों से बचाव
फरवरी में आम के फूलों पर ‘मधुआ’ (मैंगो हॉपर) और होपर कीट सबसे अधिक असर डालते हैं. ये कीड़े फूलों से रस चूस लेते हैं, जिससे फूल सूखकर गिर जाते हैं. इससे बचने के लिए फूल आने से पहले या दाने बनने के बाद नीम के तेल या सुझाए गए हल्के कीटनाशक का छिड़काव करें. ध्यान रहे कि फूल पूरी तरह खिलने के बाद स्प्रे न करें, क्योंकि इससे फूलों को परागित करने वाली मधुमक्खियां प्रभावित हो सकती हैं.
फरवरी में पेड़ के चारों ओर उगने वाली घास और छोटे पौधों को हटाना जरूरी है. ये पौधों के सारे पोषक तत्व सोख लेते हैं और मिट्टी में हानिकारक फंगस का खतरा बढ़ाते हैं. हल्की निराई और सफाई से मिट्टी हवादार रहती है और पोषक तत्व आसानी से पहुंचते हैं.
फल गिरने से बचाने के उपाय
कई बार फसल में फल तो आते हैं, लेकिन टिकते नहीं हैं. इस समस्या से निपटने के लिए हल्का प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर जैसे कि प्लानोफिक्स का इस्तेमाल किया जा सकता है. यह फलों को डालियों पर बनाए रखता है और गिरने से रोकता है.
फरवरी में आम के बागों की सही देखभाल से न केवल फूल और फल मजबूत बनते हैं, बल्कि फसल की गुणवत्ता और मात्रा भी बढ़ती है. सिंचाई, खाद, कीट नियंत्रण और निराई पर ध्यान देकर आप अपने आम के पेड़ को इस साल भी रसीले और मीठे फल दे सकते हैं.