बदलते मौसम में आलू, गेहूं, सरसों और चना किसानों के लिए एडवाइजरी, ये सावधानियां फसल को नुकसान से बचाएंगी

Weather Conditions for Crops: कृषि उपनिदेशक डॉ. खुमान सिंह ने किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों को बचाने के लिए रसायनों का उचित छिड़काव करें. उन्होंने चना, गेहूं और सरसों किसानों को कीट-रोगों से फसल बचाने की सलाह दी है. जबकि, मौसम में बदलाव को देखते हुए फसल बचाने के लिए कुछ उपाय भी बताए हैं.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 6 Feb, 2026 | 07:28 PM

पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों में बारिश और ओले गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 10 फरवरी के बाद बारिश की चेतावनी जारी की गई है. वहीं, उत्तर प्रदेश में तेज पछुआ हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में आलू, गेहूं, चना और सरसों की फसलों को बदलते मौसम में नुकसान से बचाने के लिए कृषि सलाह जारी की गई है. किसानों को फसल बचाव के लिए कुछ उपाय बताए हैं ताकि उपज प्रभावित न हो.

मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया

मध्य प्रदेश में मौसम में बदलाव की आशंका जताई गई है. राज्य मौसम विभाग के अनुसार 10 फरवरी से राज्य के कई जिलों में बारिश के आसार बन रहे हैं. कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी तो कुछ जगह तेज हवाओं के साथ ओले गिरने का अलर्ट जारी किया गया है.
वहीं, उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है. राज्य मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज पछुआ हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार अब एक और पश्चिमी प्रवाह सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते प्रदेश में हवा की गति बढ़ेगी. मौसम विभाग ने बताया कि कुछ इलाकों में बादल छाए रह सकते हैं. ऐसे में कुछ फसलों (Weather Impact On Crops) को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है.

पाली में फसलों में कीट-रोग का प्रकोप- कृषि विभाग ने जारी की दवा सलाह

मध्य प्रदेश के पाली जिले के बाली, साण्डेराव और जवाई बांध सहित कई क्षेत्रों में रबी की फसलों में कीट और रोगों की पुष्टि हुई है. कृषि विभाग की विशेष जांच टीम के दौरे के बाद सरसों, गेहूं, चना, अरंडी और मसालों की फसलों में खराबी सामने आई है. कृषि उपनिदेशक डॉ. खुमान सिंह ने प्रभावित इलाकों के किसानों को सलाह दी है कि वे फसलों को बचाने के लिए रसायनों का उचित छिड़काव करें. उन्होंने चने की फसल के लिए इमामेक्टीन बेंजोइट और गेहूं के लिए टेबुकोनाजोल के उपयोग के निर्देश दिए हैं. सरसों में मोयला कीट की समस्या को देखते हुए उन्होंने पकती फसल पर छिड़काव न करने को कहा है, जबकि तारामीरा के लिए इमिडाक्लोपिड दवा के प्रयोग का सुझाव दिया है.

आलू में सड़न रोग से बचाव के लिए क्या करें किसान

उत्तर प्रदेश कृषि विभाग के प्रशिक्षण एवं प्रसार ब्यूरो के अनुसार बारिश की स्थिति में आलू की फसल में झुलसा रोग (लेट ब्लाइट) का खतरा बढ़ जाता है. कृषि सलाह में कहा गया है कि किसानों को खेत में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए, इसके लिए नालियों की सफाई जरूर करें. यदि फसल में रोग के शुरुआती लक्षण दिखाई दें तो तुरंत अनुशंसित फफूंदनाशक का छिड़काव करें. खुदाई के करीब की फसल में बारिश हो जाए तो कंदों को सड़न से बचाने के लिए खुदाई कुछ दिन टालना बेहतर रहेगा.

तेज हवा और बारिश होने पर क्या करें गेहूं की खेती करने वाले किसान

गेहूं की फसल के लिए बारिश आमतौर पर लाभकारी होती है, लेकिन यदि तेज हवा के साथ बारिश हो तो फसल गिरने (लॉजिंग) का खतरा रहता है. जिन खेतों में अधिक नाइट्रोजन डाली गई है, वहां विशेष सतर्कता रखने की जरूरत है. पीली या भूरी जंग रोग की आशंका भी रहती है, इसलिए खेत का नियमित निरीक्षण करें और जरूरत पड़ने पर रोगनाशक का छिड़काव करें.

दाना भरने के चरण में तेज हवाएं या बारिश सरसों के लिए नुकसानदायक

सरसों की फसल इस समय दाना भरने की अवस्था में होती है. बारिश या तेज हवाएं चलने से फूल और फलियां झड़ सकती हैं तथा माहू (एफिड) और सफेद रोली रोग का प्रकोप बढ़ सकता है. जिन इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है वहां के किसान बूंदाबांदी थमते ही खेत का निरीक्षण करें और यदि कीट या रोग दिखाई दें तो तुरंत नियंत्रण के लिए उपाय अपनाएं. खेत में जल निकासी का उचित प्रबंध करने के लिए किसान नालियां बनाकर रखें.

चना में उकठा रोग पनपने की आशंका ने बढ़ाई चिंता

चना की फसल में अधिक नमी से जड़ सड़न और उकठा रोग का खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में अगर बारिश होती है तो खेत में पानी रुकने देना है. यदि मौसम लंबे समय तक नम बना रहे तो रोगनिरोधक फफूंदनाशक का छिड़काव करना लाभकारी रहेगा. इसके अलावा किसान फसल में फूल झड़ने से बचाने के लिए संतुलित पोषण पर ध्यान दें. किसान ध्यान रखें कि दवाएं इस्तेमाल करने से पहले स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र या कृषि विभाग के जिला कार्यालय से जरूर संपर्क कर लें.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 6 Feb, 2026 | 07:25 PM

केला जल्दी काला क्यों पड़ जाता है?