हरियाणा का आलू उत्पादन बढ़ाएंगी कुफरी की उन्नत किस्में, किसानों को बीज दे रही सरकार   

Kufri Potato Seeds : आलू किसानों को उन्नत बीज देकर उत्पादन के साथ कमाई बढ़ाने के लिए करनाल के आलू प्रौद्योगिकी केंद्र के जरिए उपलब्ध कराए जा रहे हैं. कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसान बागवानी विभाग के पोर्टल के जरिए घर बैठ ऑनलाइन भी बीज मंगा सकते हैं.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 9 Sep, 2026 | 12:17 PM

हरियाणा में आलू उत्पादन बढ़ाने के साथ ही किसानों की कमाई बढ़ाने के लिए राज्य सरकार आलू के अच्छे बीज उपलब्ध करा रही है. हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने मंगलवार को कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए आलू की कई बेहतर और बीमारी-रोधी किस्मों के अच्छे बीज उपलब्ध करा रही है.

किसानों को दी जा रहीं ज्यादा पैदावार वाली आलू किस्में

कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने पीटीआई के बताया कि करनाल के शामगढ़ स्थित आलू प्रौद्योगिकी केंद्र (Potato Technology Centre) किसानों को कुफरी पुखराज, कुफरी मोहन, कुफरी ख्याति, कुफरी चिपसोना और कुफरी फ्रायसोना जैसी ज्यादा पैदावार देने वाली किस्मों के शुरुआती पीढ़ी (early generation) के बीज और मिनीट्यूबर (रोगमुक्त) उपलब्ध करा रहा है.

बागवानी विभाग के पोर्टल से घर बैठे मंगा सकते हैं बीज

उन्होंने कहा कि किसान इन उन्नत आलू किस्मों के बीज पाने के लिए बागवानी विभाग के आधिकारिक पोर्टल के जरिए घर बैठे इन बीजों को ऑनलाइन बुक कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि इन प्रमाणित और वायरस मुक्त बीजों का इस्तेमाल करने से न केवल प्रति एकड़ आलू की पैदावार में काफी बढ़ोतरी होगी, बल्कि फसल की बेहतर गुणवत्ता के कारण किसानों को बाजार में अपनी उपज के लिए अच्छी कीमत भी मिलेगी, जिससे सीधे तौर पर उनकी शुद्ध आय बढ़ेगी.

1274 क्विंटल से ज्यादा बीज उपलब्ध

कृषि मंत्री ने कहा कि शुरुआती पीढ़ी के बीज (वर्ष-3) श्रेणी के तहत करनाल केंद्र में कुफरी पुखराज किस्म के 1,276 क्विंटल बीज-आकार के, 298.5 क्विंटल छोटे आकार के और 157 क्विंटल बड़े आकार के बीज उपलब्ध हैं. इसी तरह शुरुआती पीढ़ी के बीज (वर्ष-4) के तहत, कुफरी मोहन किस्म के 255.5 क्विंटल बीज-आकार के, 9 क्विंटल छोटे आकार के और 210 क्विंटल बड़े आकार के बीज उपलब्ध हैं.

आलू के मिनीट्यूबर भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध

शुरुआती पीढ़ी के बीज (वर्ष-1) श्रेणी के तहत, किसानों के लिए कुफरी चिपसोना-1 के 1 क्विंटल छोटे आकार के बीज, कुफरी ख्याति के 2.5 क्विंटल बीज-आकार के और 20.5 क्विंटल बड़े आकार के बीज; और कुफरी उदय के 0.5 क्विंटल बड़े आकार के बीज उपलब्ध हैं.

उन्होंने आगे कहा कि आलू के मिनीट्यूबर भी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं. इनमें कुफरी उदय के 25,000, कुफरी चिपसोना-1 के 8,000, कुफरी हिमालयिनी के 11,000 और कुफरी फ्रायसोना के 75,000 मिनीट्यूबर शामिल हैं. किसान अपनी जरूरतों के हिसाब से पोर्टल के जरिए समय पर बुकिंग सुनिश्चित कर सकते हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 9 Sep, 2026 | 11:54 AM

लेटेस्ट न्यूज़