नकली बीज पर सरकार सख्त, नया सीड एक्ट लाने की तैयारी.. किसानों के साथ बैठक करेंगे शिवराज

केंद्र सरकार नकली और घटिया बीजों पर रोक लगाने के लिए सख्त सीड एक्ट लाने की तैयारी कर रही है. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 10 सितंबर को किसान संगठनों के नेताओं से मुलाकात करेंगे. बैठक में कानून के मसौदे पर सुझाव लिए जाएंगे. सरकार अमानक बीज बेचने वालों पर भारी जुर्माने और जेल का प्रावधान करने की तैयारी में है.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 9 Sep, 2026 | 11:57 AM

केंद्र सरकार नकली और घटिया बीजों पर रोक लगाने के लिए नया और सख्त सीड एक्ट लाने की तैयारी कर रही है. इसी मुद्दे पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 10 सितंबर को किसान संगठनों के नेताओं की बैठक बुलाई है. यह बैठक कृषि भवन के कमरा नंबर 142 में शाम 4 बजे होगी. बैठक में सीड एक्ट के अलावा कृषि क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर भी किसानों से सीधे बातचीत की जाएगी. माना जा रहा है कि शीतकालीन संसद सत्र से पहले सरकार किसानों की राय और सुझाव जानना चाहती है.

नकली बीज बेचने वालों पर सख्ती की तैयारी

प्रस्तावित सीड एक्ट को लेकर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान देशभर के किसान नेताओं से बातचीत करेंगे. बैठक में कानून के मसौदे पर किसानों के सुझाव लिए जाएंगे और उनकी जमीनी समस्याओं को समझा जाएगा. सरकार घटिया और अमानक बीज बेचने वालों पर भारी जुर्माने के साथ जेल का प्रावधान करने की तैयारी में है. इस बैठक में भारतीय किसान संघ, बीकेयू, एआईकेसीसी (AIKCC), साइफा (SIFA) समेत उत्तर से दक्षिण तक के कई प्रमुख किसान संगठन शामिल होंगे.

बजट सत्र में पेश करनी थी तैयारी

हालांकि, केंद्र सरकार बजट सत्र में ही सीड एक्ट 2026 को पेश करनी की तैयारी कर ली थी. तब केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि सरकार संसद के आगामी बजट सत्र में सीड एक्ट 2026 पेश करेगी. उनका कहना था कि इस कानून का मकसद नकली, घटिया और बिना मंजूरी वाले बीजों की बिक्री पर रोक लगाना है. इसके साथ ही किसानों को अच्छी क्वालिटी और प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने पर जोर दिया जाएगा. उन्होंने कहा था कि नए कानून के तहत घटिया बीज बेचने वालों पर कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा. सरकार जलवायु के अनुकूल बीजों को बढ़ावा देने की भी योजना बना रही है. नए कानून में बीजों की पूरी ट्रेसबिलिटी का प्रावधान होगा. यानी किसान यह पता कर सकेंगे कि बीज कहां से आया और उसे किसने सप्लाई किया. इससे नकली और अमानक बीजों की बिक्री पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.

मार्केट में नकली बीजों की हो रही बिक्री

दरअसल, मार्केट में असली के नाम पर धड़ल्ले से नकली बीज बेचे जा रहे हैं. ऐसे में किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है, क्योंकि बीज का अंकुरण सही तरह से नहीं हो पाता है. कई बार किसानों को फिर से फसलों की बुवाई करनी पड़ती है. हालांकि, दुकानदार किसान से असली बीज का ही रेट वसूलते हैं. यही वजह है कि केंद्र सरकार नकली बीज की बिक्री पर रोक लगाने के लिए नया बीज कानून लाने की तैयारी कर रही है. साथ ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का मानना है कि जब तक किसानों तक अच्छी क्वालिटी के बीज नहीं पहुंचेंगे, तब तक पैदावार और उनकी कमाई में बढ़ोतरी नहीं होगी. उनका कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में हजारों नई और बेहतर बीज किस्में विकसित की गई हैं. अब किसानों को इनका सही इस्तेमाल करने के साथ पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 9 Sep, 2026 | 11:33 AM

लेटेस्ट न्यूज़