नींबू के पेड़ में नहीं लग रहे बड़े फल, ये आसान स्प्रे अपनाएं और पाएं नींबू की भरपूर पैदावार

गर्मी में नींबू की मांग बढ़ती है, लेकिन कई बार फल छोटे और सूखे रह जाते हैं. सही पोषण और स्प्रे से इस समस्या को दूर किया जा सकता है. जिंक, कॉपर और पोटैशियम जैसे तत्वों का उपयोग करने से फल का आकार, रस और गुणवत्ता बेहतर होती है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 19 Apr, 2026 | 04:52 PM

Lemon Farming: गर्मी का मौसम आते ही नींबू की मांग तेजी से बढ़ जाती है और बाजार में इसके दाम भी अच्छे मिलते हैं. लेकिन कई किसानों को यह शिकायत रहती है कि उनके नींबू छोटे रह जाते हैं या उनमें रस कम होता है. ऐसे में सही पोषण और देखभाल से इस समस्या को आसानी से दूर किया जा सकता है. विशेषज्ञों का कहना है कि थोड़ी सी समझदारी अपनाकर किसान अपने नींबू के पेड़ों से ज्यादा और बेहतर उत्पादन पा सकते हैं.

सही पोषण से बढ़ेगा फल का आकार

NHRDF के संयुक्त निदेशक डॉ. रजनीश मिश्रा के अनुसार, नींबू के पौधों  में फल बनते समय जिंक, कॉपर और पोटैशियम जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व बहुत जरूरी होते हैं. अगर इनकी कमी हो जाए, तो फल छोटे रह जाते हैं और उनका विकास रुक जाता है. इसलिए किसानों को चाहिए कि वे समय-समय पर जिंक सल्फेट और कॉपर का छिड़काव करें. इससे फल का आकार  बढ़ता है और गुणवत्ता भी बेहतर होती है.

सही सिंचाई से मिलेगा रसीला नींबू

नींबू के पौधों में नमी  बनाए रखना बहुत जरूरी होता है, लेकिन ज्यादा पानी भी नुकसान कर सकता है.
विशेषज्ञों के अनुसार, जब मिट्टी की ऊपरी परत सूख जाए, तभी सिंचाई करनी चाहिए. फूल आने के समय कम पानी दें, लेकिन फल बनने के बाद नियमित सिंचाई करें. इससे फल अंदर से सूखते नहीं हैं और उनमें रस की मात्रा अच्छी बनी रहती है.

पोटैशियम और बोरॉन से बढ़ेगी चमक और मिठास

डॉ. मिश्रा के अनुसार, पोटैशियम और बोरॉन का उपयोग नींबू के लिए बहुत फायदेमंद  होता है. पोटैशियम फलों में रस और मिठास बढ़ाता है, जबकि बोरॉन फलों को फटने से बचाता है. किसान प्रति पौधा 50 से 100 ग्राम पोटाश का उपयोग कर सकते हैं और 1 ग्राम बोरेक्स को पानी में मिलाकर छिड़काव कर सकते हैं. इससे फल बड़े, चमकदार और आकर्षक बनते हैं.

जैविक खाद और छंटाई से मिलेगा बेहतर उत्पादन

अगर किसान रसायनों से बचना चाहते हैं, तो गोबर की खाद  या वर्मीकम्पोस्ट का उपयोग कर सकते हैं.
फल आने के समय पौधे की जड़ों के पास खाद डालने से जड़ें मजबूत होती हैं और पौधे को पर्याप्त पोषण मिलता है. इसके साथ ही सूखी और बेकार टहनियों को काटना भी जरूरी है, ताकि पौधे की पूरी ऊर्जा फलों पर लगे. साथ ही, समय-समय पर पौधों की जांच करें और किसी भी रोग या कीट के दिखने पर तुरंत इलाज करें. अगर किसान इन आसान तरीकों को अपनाते हैं, तो नींबू के पेड़ों में भर-भरकर बड़े और रसीले फल लग सकते हैं. सही देखभाल और पोषण से न सिर्फ उत्पादन बढ़ेगा, बल्कि बाजार में अच्छी कीमत मिलने से किसानों की कमाई भी बढ़ेगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

भारत की सबसे छोटी गाय नस्ल का नाम क्या है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
उत्तर प्रदेश
विजेताओं के नाम
कन्हैया कुमार रंजन, समस्तीपुर, बिहार

लेटेस्ट न्यूज़