Okra Farming: भिंडी की खेती में सिर्फ अच्छी फसल उगाना ही काफी नहीं होता, बल्कि सही समय पर तुड़ाई और फसल की देखभाल भी उतनी ही जरूरी होती है. कई बार किसान मेहनत तो पूरी करते हैं, लेकिन तुड़ाई में छोटी-छोटी गलतियों के कारण उन्हें मंडी में उचित कीमत नहीं मिल पाती. कृषि वैज्ञानिक प्रमोद कुमार के अनुसार, यदि किसान कुछ आसान बातों का ध्यान रखें तो भिंडी की गुणवत्ता बेहतर होगी, उत्पादन बढ़ेगा और बाजार में अच्छी कीमत भी मिलेगी.
सुबह या शाम में करें तुड़ाई
कृषि वैज्ञानिक प्रमोद कुमार के अनुसार, भिंडी की तुड़ाई हमेशा सुबह या शाम के समय करनी चाहिए. इस समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहता है और फलों में प्राकृतिक नमी बनी रहती है. तेज धूप में तुड़ाई करने से भिंडी जल्दी मुरझा सकती है, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होती है. ताजी और चमकदार भिंडी बाजार में अधिक पसंद की जाती है और बेहतर दाम भी दिलाती है.
सही आकार में तोड़ें भिंडी
विशेषज्ञों का कहना है कि भिंडी को सही समय पर तोड़ना बहुत जरूरी है. जब फल लगभग 3 से 4 इंच लंबा हो जाए, तब उसकी तुड़ाई कर लेनी चाहिए. इस अवस्था में भिंडी कोमल और स्वादिष्ट होती है. यदि तुड़ाई में देरी हो जाए तो फल सख्त और रेशेदार हो जाते हैं. ऐसी भिंडी की बाजार में मांग कम रहती है और किसानों को कम कीमत मिलती है.
पुराने फलों को पौधों पर न छोड़ें
कई किसान कुछ भिंडी के फलों को पौधे पर लंबे समय तक छोड़ देते हैं. कृषि वैज्ञानिक प्रमोद कुमार के अनुसार यह आदत नुकसानदायक हो सकती है. जब फल अधिक पक जाते हैं तो पौधे की ऊर्जा बीज बनाने में लगने लगती है. इसका असर नए फूलों और फलों के विकास पर पड़ता है. समय पर तुड़ाई करने से पौधा लगातार नई फलियां देता रहता है और कुल उत्पादन बढ़ता है.
सिंचाई और पोषण का रखें ध्यान
लगातार और अच्छी कटिंग पाने के लिए खेत में नमी बनाए रखना जरूरी है. विशेषज्ञों की सलाह है कि हर दो से तीन तुड़ाई के बाद हल्की सिंचाई करनी चाहिए. इससे पौधों को पर्याप्त नमी मिलती है और वे नए फूल और फल बनाने के लिए तैयार रहते हैं. इसके साथ ही पौधों को संतुलित पोषण देना भी जरूरी है. समय-समय पर आवश्यक उर्वरकों का प्रयोग करने से पौधों की वृद्धि बेहतर होती है. पर्याप्त पोषण मिलने पर पौधे अधिक स्वस्थ रहते हैं और लंबे समय तक उत्पादन देते हैं.
कृषि वैज्ञानिक प्रमोद कुमार का कहना है कि भिंडी की खेती में ज्यादा मुनाफा पाने के लिए किसानों को तुड़ाई, सिंचाई और पोषण प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना चाहिए. सही समय पर की गई तुड़ाई और नियमित देखभाल से न केवल उत्पादन बढ़ता है, बल्कि बाजार में फसल की मांग और कीमत भी बेहतर मिलती है. यही छोटी-छोटी सावधानियां किसानों की आय बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभा सकती हैं.