Homemade Organic Fertilizer: अगर आप बागवानी या खेती के लिए हर बार बाजार से महंगी केमिकल वाली खाद खरीदते हैं, तो अब इसकी जरूरत नहीं है. घर में निकलने वाला गीला किचन वेस्ट ही आपके पौधों के लिए बेहतरीन ऑर्गेनिक खाद बन सकता है. सब्जियों और फलों के छिलके, चाय की इस्तेमाल की हुई पत्ती, अंडे के छिलके और अन्य जैविक कचरे को फेंकने के बजाय खाद बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, यह खाद पूरी तरह प्राकृतिक होती है और मिट्टी की गुणवत्ता को लंबे समय तक बेहतर बनाए रखती है.
ऐसे तैयार करें ऑर्गेनिक खाद
खाद बनाने के लिए सबसे पहले एक प्लास्टिक की बाल्टी, ड्रम या बड़े गमले का चुनाव करें. इसमें नीचे और किनारों पर छोटे-छोटे छेद कर दें ताकि हवा का प्रवाह बना रहे. सबसे पहले सूखी पत्तियों या सूखी घास की एक परत बिछाएं. इसके ऊपर किचन से निकला गीला जैविक कचरा डालें और फिर उस पर थोड़ी मिट्टी की परत बिछा दें. इसी तरह एक के ऊपर एक परत बनाते रहें. समय-समय पर इसमें हल्का पानी छिड़कें ताकि नमी बनी रहे, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें. लगभग 25 से 30 दिनों में यह मिश्रण सड़कर अच्छी गुणवत्ता वाली ऑर्गेनिक खाद में बदल जाता है.
पौधों और मिट्टी को मिलते हैं कई फायदे
कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार बताते हैं कि ऑर्गेनिक खाद के नियमित इस्तेमाल से पौधों की जड़ों का विकास बेहतर होता है और उनकी बढ़वार तेज होती है. इससे पौधों की पत्तियां हरी-भरी रहती हैं और फूल व फल की गुणवत्ता में भी सुधार आता है. इसके अलावा यह खाद मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्मजीवों की संख्या बढ़ाती है, जिससे मिट्टी की उर्वरता लंबे समय तक बनी रहती है. रासायनिक खाद की तुलना में यह पर्यावरण के लिए भी सुरक्षित होती है और मिट्टी की संरचना को नुकसान नहीं पहुंचाती.
कम खर्च में अपनाएं टिकाऊ खेती का तरीका
आज के समय में बढ़ती खेती लागत और रासायनिक खाद के अधिक इस्तेमाल के बीच ऑर्गेनिक खाद एक बेहतर विकल्प बनकर सामने आई है. घर के किचन वेस्ट का सही उपयोग करके न केवल कचरे की मात्रा कम की जा सकती है, बल्कि बिना किसी अतिरिक्त खर्च के पौधों के लिए पोषक तत्वों से भरपूर खाद भी तैयार की जा सकती है. इस खाद का उपयोग गमलों, किचन गार्डन, फलदार पौधों, सब्जियों और खेतों में आसानी से किया जा सकता है. इससे पौधों की अच्छी ग्रोथ के साथ-साथ मिट्टी की सेहत भी बेहतर बनी रहती है और टिकाऊ खेती को बढ़ावा मिलता है.