Cattle Care Advisory: बासी खाना बना रहा पशु को बीमार? ये 3 उपाय बचा लेंगे आपका नुकसान

Animal Care Advisory Bihar: पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए साफ-सफाई और ताजा भोजन बहुत जरूरी है. बासी या गंदा खाना देने से पशु जल्दी बीमार पड़ सकते हैं और दूध भी कम हो सकता है. अगर पशुपालक नाद और पानी की जगह साफ रखें और ताजा चारा दें, तो पशु स्वस्थ रहेंगे और फायदा भी अच्छा मिलेगा.

Saurabh Sharma
नोएडा | Updated On: 27 Feb, 2026 | 01:01 PM

Animal Clean Feeding: क्या आपके पशु बार-बार बीमार पड़ रहे हैं और दूध भी कम देने लगे हैं? कई बार इसकी वजह कोई बड़ी बीमारी नहीं, बल्कि छोटी-छोटी लापरवाही भी हो सकती है. बासी खाना खिलाना और नाद या हौद की सफाई न करना पशुओं को बीमार बना सकता है. ऐसे में बिहार पशुपालन विभाग ने सलाह दी कि अगर पशुपालक कुछ आसान बातों का ध्यान रखें, तो पशु लंबे समय तक स्वस्थ रह सकते हैं और अच्छा फायदा दे सकते हैं.

बासी खाना बन सकता है बीमारी की वजह

बिहार पशुपालन विभाग के अनुसार, कई पशुपालक समय बचाने या लापरवाही में पशुओं को पुराना या बचा हुआ खाना दे देते हैं. देखने में यह सामान्य बात लगती है, लेकिन यही गलती पशु की सेहत खराब कर सकती है. ज्यादा देर तक रखा हुआ खाना धीरे-धीरे खराब होने लगता है. ऐसा खाना पेट में जाकर परेशानी पैदा करता है. इससे पशुओं को दस्त, पेट दर्द और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. अगर लंबे समय तक ऐसा खाना दिया जाए तो पशु का वजन  कम होने लगता है और दूध भी घट सकता है.

1- साफ नाद और हौद बहुत जरूरी

पशुओं को खाना देने से पहले नाद या हौद साफ होना चाहिए. कई बार पुराने चारे या दाने के टुकड़े नाद में चिपके रह जाते हैं. यही गंदगी धीरे-धीरे बैक्टीरिया पैदा करती है. जब पशु उसी गंदे बर्तन में खाना खाते हैं तो बीमारी का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए रोजाना नाद को पानी से धोना जरूरी है. पानी पिलाने वाली जगह भी साफ होनी चाहिए, क्योंकि गंदा पानी भी बीमारी  की वजह बन सकता है.

2- बदलते मौसम में रखें ज्यादा ध्यान

मौसम बदलने  के समय पशु जल्दी बीमार पड़ते हैं. इस समय साफ-सफाई और अच्छे खाने पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए. पुराना या सड़ा हुआ चारा जल्दी खराब हो जाता है. ऐसा चारा खाने से पशु सुस्त हो जाते हैं और उनकी ताकत कम होने लगती है. अगर पशु कमजोर हो जाए तो उसे ठीक होने में समय लगता है और खर्च भी बढ़ जाता है.

3- छोटी सावधानी से बड़ा फायदा

पशुओं को हमेशा ताजा और साफ खाना देना चाहिए. जितना जरूरत हो उतना ही चारा डालें, ताकि बचा हुआ खाना खराब न हो. रोजाना नाद और पानी की जगह साफ करने की आदत डालें. इससे पशु कम बीमार पड़ेंगे और दूध भी अच्छा देंगे. थोड़ी सी सावधानी अपनाकर पशुपालक अपने पशुओं  को स्वस्थ रख सकते हैं. स्वस्थ पशु ही ज्यादा फायदा देते हैं और पशुपालन को मुनाफे का काम बनाते हैं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 27 Feb, 2026 | 12:56 PM

खीरे की फसल के लिए किस प्रकार की मिट्टी सबसे अच्छी मानी जाती है?