Animal Husbandry: भारत में पशुपालन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव माना जाता है. देश के लाखों गांवों में रहने वाले परिवार अपनी रोजी-रोटी के लिए डेयरी, बकरी पालन, भेड़ पालन औप पोल्ट्री पर निर्भर हैं. यह क्षेत्र न केवल अतिरिक्त आय का सोर्स है, बल्कि छोटे और सीमांत किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा भी प्रदान करता है. किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से सरकार ने खेती के साथ-साथ पशुपालन क्षेत्र को भी प्राथमिकता दी है.
इसी कड़ी में पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना शुरू की गई है, जो पशुपालकों को सस्ती दर पर लोन उपलब्ध कराकर उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रही है. यह योजना वास्तव में पशुपालकों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है.
क्या है पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड?
पशुपालन KCC एक ऐसी सुविधा है, जिसके जरिए पशुपालक अपने व्यवसाय से जुड़े जरूरी खर्चों के लिए आसान और सस्ता लोन प्राप्त कर सकते हैं. इस कार्ड की मदद से मवेशियों के चारे, दवा, टीकाकरण, शेड निर्माण और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए वर्किंग कैपिटल मिल जाता है. इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि पशुपालकों को साहूकारों से ऊंचे ब्याज पर कर्ज लेने की जरूरत नहीं पड़ती. इससे उनका खर्च कम होता है और व्यवसाय को आगे बढ़ाने का मौका मिलता है.
कौन उठा सकता है इस योजना का लाभ?
पशुपालन KCC का लाभ कई प्रकार के किसान और पशुपालक उठा सकते हैं. इसमें डेयरी फार्मिंग करने वाले किसान, गाय, भैंस, बकरी, भेड़ या पोल्ट्री पालन करने वाले पशुपालक शामिल हैं. इसके अलावा स्वयं सहायता समूह (SHG) तथा मत्स्य पालन या अन्य पशुधन आधारित गतिविधियों से जुड़े किसान भी इस योजना का फायदा ले सकते हैं.
इस तरह यह योजना छोटे, सीमांत और ग्रामीण युवाओं के लिए भी फायदेमंद है.
आवेदन प्रक्रिया क्या है?
पशुपालन KCC के लिए आवेदन करना आसान है. इसके लिए किसान को:
- अपने नजदीकी बैंक शाखा, CSC केंद्र या PACS पर जाना होगा.
- वहां से KCC का आवेदन फॉर्म लेकर उसे भरना होगा.
- आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी और पशुपालन से संबंधित विवरण संलग्न करना होगा.
- बैंक दस्तावेजों की जांच के बाद पात्रता के अनुसार क्रेडिट लिमिट तय करेगा.
- मंजूरी मिलने पर किसान को KCC जारी कर दिया जाएगा.

पशुपालकों के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना
जरूरी दस्तावेज
आवेदन के समय निम्न दस्तावेज जरूरी होते हैं:
- आधार कार्ड
- पैन कार्ड
- बैंक पासबुक
- पासपोर्ट साइज फोटो
- पशुओं की संख्या और उनका विवरण
- निवास प्रमाण पत्र
कितना मिलता है लोन?
पशुपालन KCC के तहत पशुपालकों को:
- ₹2 लाख तक का लोन बिना जमानत
- ₹3 लाख तक का लोन जमानत के साथ
यह राशि व्यवसाय के आकार और पात्रता के आधार पर तय की जाती है.
इस योजना के तहत केवल 7 फीसदी ब्याज दर पर लोन मिलता है. खास बात यह है कि समय पर भुगतान करने पर 3 फीसदी अतिरिक्त ब्याज छूट मिलती है (₹2 लाख तक के लोन पर). यानी प्रभावी ब्याज दर और भी कम हो जाती है. इससे लागत घटती है और मुनाफा बढ़ाने में मदद मिलती है.
क्यों है यह योजना खास?
पशुपालन KCC ग्रामीण युवाओं और छोटे किसानों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर देता है. इससे दूध उत्पादन बढ़ाने, आय के नए स्रोत बनाने और गांवों में रोजगार सृजन करने में मदद मिलती है. अगर आप भी पशुपालन से जुड़े हैं और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाना चाहते हैं, तो पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है.