Fish Farming: ठंडी सुबह, घना कोहरा और दोपहर की हल्की धूप..फरवरी का मौसम इंसानों को भले अच्छा लगे, लेकिन तालाब की मछलियों के लिए यह समय सबसे नाजुक होता है. कई बार किसान समझ ही नहीं पाते और अचानक मछलियां मरने लगती हैं. वजह होती है पानी में ऑक्सीजन की कमी. थोड़ी सी लापरवाही साल भर की मेहनत पर पानी फेर सकती है. इसलिए इस महीने खास सावधानी रखना बहुत जरूरी है.
फरवरी में क्यों होती है ज्यादा मौत
फरवरी के मौसम में तालाब में उगने वाले छोटे जलीय पौधे सही से विकसित नहीं हो पाते. यही पौधे पानी में ऑक्सीजन बनाने में मदद करते हैं. जब इनकी बढ़त रुकती है तो पानी में ऑक्सीजन कम हो जाती है. ऑक्सीजन कम होते ही मछलियां पानी की सतह पर मुंह खोलकर तैरती दिखती हैं. कई बार वे सुस्त हो जाती हैं और धीरे-धीरे मरने लगती हैं. अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो लाखों रुपये का नुकसान हो सकता है.
ये 7 किस्में दिला सकती हैं अच्छा मुनाफा
अगर सही प्रजाति चुनी जाए तो मछली पालन से अच्छी कमाई हो सकती है. बाजार में कुछ किस्मों की मांग हमेशा बनी रहती है. इनमें रोहू, कतला, मृगल, कॉमन कार्प, ग्रास कार्प, सिल्वर कार्प और चाइना कार्प जैसी मछलियां शामिल हैं. इन मछलियों को तालाब में पालना आसान होता है. सही देखभाल के साथ 10 से 12 महीने में ये बिकने लायक हो जाती हैं. बाजार में मछली वजन के हिसाब से बिकती है, इसलिए जितनी अच्छी ग्रोथ होगी, उतना ज्यादा फायदा होगा. संतुलित आहार और सही प्रबंधन से इनकी बढ़त तेज की जा सकती है.
ऐसे करें देखभाल, नहीं होगा नुकसान
फरवरी में सबसे ज्यादा ध्यान पानी पर देना चाहिए. हर 10 से 15 दिन में तालाब की हल्की सफाई करें और जरूरत हो तो थोड़ा ताजा पानी मिलाएं. इससे पानी की गुणवत्ता बेहतर रहती है. तालाब के किनारों और पानी में समय-समय पर चूने का छिड़काव करना भी फायदेमंद होता है. इससे पानी का संतुलन बना रहता है और बीमारी का खतरा कम होता है. अगर मछलियां बार-बार ऊपर आ रही हों या खाना कम खा रही हों, तो तुरंत सतर्क हो जाएं. जरूरत पड़े तो विशेषज्ञ से सलाह लें. सही समय पर सही कदम उठाने से बड़ा नुकसान टाला जा सकता है.
थोड़ी समझदारी, ज्यादा कमाई
मछली पालन कम लागत में अच्छी कमाई देने वाला काम है, लेकिन इसमें मौसम की जानकारी और सही देखभाल बहुत जरूरी है. फरवरी जैसे बदलते मौसम में अगर किसान सतर्क रहें, पानी की जांच करते रहें और सही प्रजातियों का पालन करें, तो बंपर मुनाफा कमाना मुश्किल नहीं है. याद रखिए, मछलियों की सेहत ही आपकी कमाई की असली चाबी है. थोड़ी सी जागरूकता और सही देखभाल आपको सच में मालामाल बना सकती है.