Animal Health: गांवों में बकरी पालन सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि कम लागत में अच्छी कमाई का मजबूत जरिया बन चुका है. छोटे किसान और पशुपालक इसे तेजी से अपनाते हैं, क्योंकि कम जगह, कम खर्च और जल्दी बढ़ने वाली आय इसे खास बनाती है. लेकिन कई बार छोटी-छोटी गलतियां बड़ा नुकसान करा देती हैं. सही नस्ल का चुनाव न करना, समय पर टीकाकरण छोड़ देना, केवल चराई पर निर्भर रहना और साफ-सफाई में लापरवाही जैसी बातें उत्पादन घटा देती हैं. इतना ही नहीं, कई मामलों में मेमनों और बकरियों की मौत तक हो जाती है. केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान के डॉ. वाई के सोनी के अनुसार, अगर वैज्ञानिक तरीके से बकरी पालन किया जाए तो कम लागत में बेहतर वजन, ज्यादा बच्चे और अच्छी बाजार कीमत हासिल की जा सकती है.
सही नस्ल और बेहतर प्रजनन है मुनाफे की पहली शर्त
बकरी पालन में सबसे पहली और सबसे जरूरी बात सही नस्ल का चयन है. ऐसी नस्लें चुननी चाहिए जो स्थानीय मौसम को आसानी से सहन कर सकें, जल्दी बीमार न पड़ें और बच्चों की संख्या अच्छी दें. स्थानीय परिस्थितियों में ढलने वाली नस्लों की जीवित रहने की क्षमता ज्यादा होती है, जिससे नुकसान कम होता है. डॉ. वाई के सोनी के अनुसार, प्रजनन के लिए हमेशा मजबूत, स्वस्थ और अच्छी वंशावली वाले बकरे का ही चयन करना चाहिए. अगर बकरे की गुणवत्ता अच्छी होगी तो बच्चों का विकास भी बेहतर होगा. जुड़वा या तिड़वा बच्चे देने वाली लाइन के बकरे अधिक लाभदायक माने जाते हैं. साथ ही, हर दो साल में प्रजनन वाले बकरे को बदल देना चाहिए. इससे नस्ल की गुणवत्ता बनी रहती है और उत्पादन क्षमता लगातार बढ़ती रहती है.

नस्ल, आहार और टीकाकरण से घटेगी मौत, बढ़ेगी कमाई तेजी. (Photo Credit-Canva)
टीकाकरण और कृमिनाशन में लापरवाही पड़ सकती है भारी
अक्सर पशुपालक आहार पर ध्यान देते हैं, लेकिन स्वास्थ्य प्रबंधन को हल्के में ले लेते हैं. यही सबसे बड़ी गलती साबित होती है. बकरियों में कई रोग तेजी से फैलते हैं, जिससे अचानक मौत का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए समय-समय पर टीकाकरण और कृमिनाशन बेहद जरूरी है.विशेषज्ञों के अनुसार, कई लोग पहला टीका लगवाने के बाद बूस्टर डोज नहीं दिलवाते. इससे पशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता पूरी तरह विकसित नहीं हो पाती. नतीजा यह होता है कि बीमारी दोबारा हमला कर देती है. खासकर बदलते मौसम में यह खतरा ज्यादा रहता है. नवजात मेमनों को जन्म के दो घंटे के भीतर खीस पिलाना भी बहुत जरूरी है. इससे उनकी इम्युनिटी मजबूत होती है और शुरुआती बीमारियों से बचाव मिलता है.
सिर्फ चराई नहीं, संतुलित आहार से बढ़ेगा वजन और उत्पादन
बकरी पालन में कमाई सीधे तौर पर आहार से जुड़ी होती है. केवल खुली चराई पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है. अगर बकरियों को संतुलित दाना, हरा चारा और खनिज लवण नहीं मिलेंगे तो उनका वजन, दूध और प्रजनन क्षमता प्रभावित होगी. वाई के सोनी के अनुसार, दाना मिश्रण में मक्का, चोकर, खली और मिनरल मिक्सचर जरूर शामिल होना चाहिए. इससे बकरियों का शारीरिक विकास तेजी से होता है. प्रजनन के समय फ्लशिंग डाइट देना बहुत फायदेमंद रहता है. इससे गर्भधारण की संभावना बढ़ती है और स्वस्थ बच्चे पैदा होते हैं. सही पोषण मिलने पर मेमनों की वृद्धि भी तेज होती है, जिससे बाजार में अच्छी कीमत मिलती है.

समय पर टीकाकरण और साफ-सुथरा बाड़ा बेहद जरूरी. (Photo Credit-Canva)
साफ-सुथरा बाड़ा और सही देखभाल से घटेगी मृत्युदर
आवास प्रबंधन भी बकरी पालन की सफलता का अहम हिस्सा है. बकरियों के लिए बाड़ा हमेशा साफ, सूखा और हवादार होना चाहिए. गीली और गंदी जगह संक्रमण और परजीवी रोगों को बढ़ावा देती है. गर्मियों में हीट स्ट्रेस और सर्दियों में ठंड से बचाने के लिए बाड़े का सही डिजाइन जरूरी है. जमीन से थोड़ा ऊंचा बना बाड़ा ज्यादा सुरक्षित माना जाता है, क्योंकि इससे नमी कम रहती है. मेमनों का समय पर बधियाकरण कराने से उनका वजन तेजी से बढ़ता है और वे शांत रहते हैं. बिना बधिया किए गए बकरे अपनी ऊर्जा लड़ाई और भागदौड़ में खर्च करते हैं, जबकि बधिया पशु उसी ऊर्जा को वजन बढ़ाने में लगाते हैं.