Fisheries Scheme: मत्स्य पालन विभाग भारत और पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय भारत के अनुसार, प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि सह-योजना (PM Matsya Samridhi Yojana) के तहत महिलाओं को रोजगार देने वाले नियोक्ताओं के लिए खास प्रोत्साहन की व्यवस्था की गई है. योजना के अंतर्गत यदि कोई नियोक्ता मत्स्य क्षेत्र में किसी महिला को नौकरी देता है और उसे कार्य में बनाए रखता है, तो उसे प्रति महिला कर्मचारी 15,000 रुपये की वार्षिक आर्थिक सहायता दी जाएगी. सरकार की यह पहल महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ मत्स्य उद्योग को मजबूती देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.
महिला सशक्तिकरण और रोजगार के नए अवसर
सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक महिलाएं मत्स्य क्षेत्र से जुड़ें और आर्थिक रूप से मजबूत बनें. इस योजना से ग्रामीण और तटीय क्षेत्रों की महिलाओं को खास फायदा मिलेगा, जहां रोजगार के अवसर सीमित होते हैं. महिलाएं मछली पालन, प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और मार्केटिंग जैसे कार्यों में भाग लेकर अपनी आय बढ़ा सकती हैं. इससे न केवल उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी.
नियोक्ताओं को मिलेगा प्रदर्शन आधारित अनुदान
योजना के तहत नियोक्ताओं को महिलाओं को रोजगार देने और बनाए रखने के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी. प्रति महिला कर्मचारी 15,000 रुपये सालाना सहायता सीधे नियोक्ता को मिलेगी, जिससे उन्हें अतिरिक्त वित्तीय सहयोग मिलेगा. ये प्रोत्साहन नियोक्ताओं को प्रेरित करेगा कि वे अपने कार्यस्थल पर महिलाओं की संख्या बढ़ाएं और उन्हें लंबे समय तक रोजगार से जोड़े रखें.
मत्स्य क्षेत्र के विकास को मिलेगा बढ़ावा
महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से मत्स्य क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि जब अधिक महिलाएं इस क्षेत्र में काम करेंगी, तो उत्पादन के साथ-साथ गुणवत्ता में भी सुधार होगा. इससे देश में मछली उत्पादन बढ़ेगा और निर्यात के नए अवसर मजबूत होंगे. सरकार का भी मानना है कि महिला भागीदारी से इस सेक्टर में नई ऊर्जा आएगी और विकास की रफ्तार तेज होगी. इसका सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा, जहां रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और लोगों की आय में बढ़ोतरी होगी.
ऑनलाइन आवेदन का आसान तरीका
मछली पालन योजना का लाभ लेने के लिए सबसे पहले मत्स्य विभाग की आधिकारिक वेबसाइट या पीएमएमएसवाई पोर्टल पर जाएं. वहां लाभार्थी अपना पंजीकरण करें. इसके बाद अपनी जरूरत के अनुसार मछली पालन या एरिएशन सिस्टम योजना का चयन करें. अब जरूरी दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो और जमीन से जुड़े कागजात अपलोड करें. सभी जानकारी सही भरने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें. आवेदन की जांच के बाद पात्र होने पर आपको योजना का लाभ दिया जाएगा, जिससे मछली पालन शुरू करना आसान हो जाएगा.