Success Story: कैमूर जिले की रहने वाली सोनाली कुमारी आज ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गई हैं. समग्र गव्य विकास योजना से जुड़कर उन्होंने न सिर्फ अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की, बल्कि आत्मनिर्भरता की नई मिसाल भी पेश की है. बिहार सरकार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के अनुसार, सोनाली पहले सीमित आय में परिवार चलाने के लिए संघर्ष कर रही थीं. इसी दौरान उन्हें गव्य विकास निदेशालय द्वारा संचालित योजना की जानकारी मिली. योजना का लाभ लेने के बाद उनके जीवन में बड़ा बदलाव आया.
योजना के तहत मिला अनुदान और प्रशिक्षण
डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के अनुसार सोनाली कुमारी को योजना के तहत 4 दुधारू गायें खरीदने के लिए अनुदान उपलब्ध कराया गया. साथ ही उन्हें डेयरी प्रबंधन और पशुपालन का प्रशिक्षण भी दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान पशुओं की देखभाल, संतुलित आहार, दूध उत्पादन बढ़ाने और बीमारियों से बचाव के बारे में जानकारी दी गई. विभाग का कहना है कि इस तरह का प्रशिक्षण ग्रामीण पशुपालकों को बेहतर तरीके से डेयरी व्यवसाय चलाने में मदद करता है. सोनाली ने प्रशिक्षण के बाद पूरी मेहनत और लगन के साथ डेयरी व्यवसाय शुरू किया. धीरे-धीरे उनका काम आगे बढ़ने लगा और आय में भी बढ़ोतरी हुई.
हर महीने हो रही सम्मानजनक कमाई
विभाग के अनुसार आज सोनाली कुमारी डेयरी व्यवसाय से हर महीने करीब 18,000 रुपये की सम्मानजनक कमाई कर रही हैं. उनके द्वारा उत्पादित दूध की बिक्री स्थानीय बाजारों और आसपास के गांवों में हो रही है. इस आय से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है. अब घर के खर्च आसानी से पूरे हो रहे हैं और परिवार का जीवन स्तर भी बेहतर हुआ है. सोनाली की सफलता से गांव की अन्य महिलाएं भी पशुपालन की ओर प्रेरित हो रही हैं. सोनाली का कहना है कि सरकारी योजना और सही मार्गदर्शन मिलने से उन्होंने आत्मविश्वास के साथ अपना काम शुरू किया. आज वह खुद के पैरों पर खड़ी हैं और परिवार को आर्थिक सहयोग दे रही हैं.
महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही सरकार
बिहार सरकार का डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग लगातार ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई योजनाएं चला रहा है. “समग्र गव्य विकास योजना” भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है. विभाग के अनुसार सोनाली कुमारी की सफलता यह दिखाती है कि सरकारी योजनाओं का सही लाभ उठाकर ग्रामीण महिलाएं भी रोजगार के नए अवसर तैयार कर सकती हैं. उनकी कहानी आज कई महिलाओं के लिए प्रेरणा बन चुकी है.