5 राज्यों में चुनाव की तारीखें घोषित होते ही मचा सियासी घमासान! किसी ने किया जीत का दावा, तो किसी ने उठाए सवाल

Assembly Election Dates Announced: चुनाव आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान कर दिया है. इसके साथ ही इन राज्यों में आचार संहिता भी लागू हो गई है. चुनाव की घोषणा के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के रिएक्शन सामने आए हैं, जहां भाजपा ने फैसले का स्वागत किया है, वहीं टीएमसी ने बंगाल में बड़ी जीत का दावा किया है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 15 Mar, 2026 | 06:04 PM

Assembly Election 2026: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही देश की राजनीति गरमा गई है. चुनाव आयोग ने असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनावों का कार्यक्रम जारी कर दिया है. इसके साथ ही इन राज्यों में आचार संहिता भी लागू हो गई है.

तारीखों की घोषणा के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के रिएक्शन सामने आ रहे हैं. कुछ नेताओं ने चुनाव आयोग के फैसले का स्वागत किया है, तो कुछ ने अपने-अपने राज्यों में जीत का दावा किया है.

असम में NDA ने जताई हैट्रिक जीत की उम्मीद

असम सरकार में मंत्री अतुल बोरा ने चुनाव की तारीखों के ऐलान पर कहा कि उनकी पार्टी चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने बताया कि हाल ही में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा की है. इस बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद थे. उन्होंने जानकारी दी कि 17 तारीख को संसदीय बोर्ड की बैठक होगी, जिसमें कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं. साथ ही उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भी एनडीए लगातार तीसरी बार यानी हैट्रिक जीत दर्ज करेगा.

भाजपा ने किया आयोग के फैसले का स्वागत

भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने चुनाव की तारीखों के ऐलान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने दो चरणों में मतदान कराने का फैसला किया है. उन्होंने कहा कि भाजपा इस फैसले का स्वागत करती है और पार्टी पांचों राज्यों में पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि जनता का समर्थन भाजपा के साथ रहेगा और पार्टी को अच्छा परिणाम मिलेगा.

टीएमसी ने किया बड़ी जीत का दावा

वहीं तृणमूल कांग्रेस (TMC) के नेता कुणाल घोष ने चुनावी तारीखों की घोषणा के बाद बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता केंद्र सरकार की राजनीति के खिलाफ वोट करेगी. कुणाल घोष ने कहा कि उनकी पार्टी को पूरा भरोसा है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस एक बार फिर सत्ता में वापसी करेगी. उन्होंने दावा किया कि टीएमसी 250 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी.

टीएमसी सरकार पर गिरिराज सिंह का हमला

चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव अच्छे तरीके से होंगे और दो चरणों में मतदान कराया जाएगा. गिरिराज सिंह ने दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल के मतदाताओं ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) सरकार को हटाने का मन बना लिया है. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में ‘कट मनी’ की राजनीति चल रही है और जनता इससे परेशान है.

उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में चल रही राजनीति को बदलने की जरूरत है और जनता इस बार बदलाव के लिए वोट करेगी.

तमिलनाडु में भाजपा ने जताया जीत का भरोसा

तमिलनाडु में चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा कि पार्टी के पास चुनाव की तैयारी के लिए पर्याप्त समय है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की ओर से मतदाता सूची को शुद्ध बनाने की प्रक्रिया से पारदर्शिता बढ़ेगी. उनका मानना है कि मौजूदा सरकार के खिलाफ राज्य में काफी असंतोष है और इसका फायदा भाजपा को मिलेगा.

कांग्रेस ने निष्पक्ष चुनाव की उठाई मांग

कांग्रेस नेता गुलाम अहमद मीर ने कहा कि भारत का लोकतंत्र पूरी दुनिया में अपने चुनावी सिस्टम के लिए जाना जाता है. उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है और चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि हर मतदाता को बिना किसी परेशानी के मतदान करने का अवसर मिले. साथ ही उन्होंने मांग की कि चुनाव पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाएं.

चुनावी माहौल हुआ गरम

चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही इन राज्यों में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. सभी दल अब अपनी चुनावी रणनीति बनाने और प्रचार अभियान को तेज करने में जुट गए हैं. आने वाले दिनों में इन राज्यों में रैलियों, जनसभाओं और राजनीतिक बयानबाजी का दौर और तेज होने की संभावना है, जिससे चुनावी माहौल और गर्म होता दिख रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

ज्ञान का सम्मान क्विज

मध्य प्रदेश के किस वैरायटी के गेहूं को जीआई टैग मिला है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
धान (चावल)
विजेताओं के नाम
संजीव कुमार, रेवाड़ी, हरियाणा

लेटेस्ट न्यूज़