बिहार बंद के दौरान हिंसा-पत्थरबाजी.. पुलिस ने लाठीचार्ज के बाद आंसू गैस छोड़ी, कई बुरी तरह जख्मी

Bihar Band Protest Against Paper Leak: पेपर लीक मामले छात्र संगठनों के बुलाए गए बिहार बंद के दौरान कई शहरों में हिंसा की सूचना है. पटना, सिवान में पुलिस ने युवाओं को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे हैं. इससे कई युवाओं के घायल हुए हैं, जबकि कई को हिरासत में लिया गया है.

रिजवान नूर खान
नई दिल्ली | Updated On: 25 Jul, 2026 | 02:25 PM

पेपर लीक और छात्रों पर पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में छात्र संगठनों के आज बुलाए गए बिहार बंद के दौरान कई शहरों में हिंसा की सूचना है. नारेबाजी के बाद पुलिस के तीखी झड़प से उग्र हुए युवाओं ने पत्थरबाजी की है. पटना में कुछ जगहों पर धुआं उठते देखा गया है. इसके अलावा सिवान, जहानाबाद, शेखपुरा, रोहतास और अन्य जिलों में भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. कई दर्जन छात्रों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है.

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर बिहार बंद

राष्‍ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक और इसके खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर के साथ ही पटना में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में आयोजित राज्यव्यापी बंद के समर्थन में बिहार के कई जिलों में शनिवार को वामपंथी छात्र संगठनों के सदस्यों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया. वे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग कर रहे हैं.

पटना में आगजनी-पथराव और पुलिस से टकराव

NEET पेपर लीक मामले और राज्य में छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई को लेकर आज राज्य भर में बंद के आह्वान के बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई. उग्र युवाओं ने पत्थरबाजी की और कुछ जगहों पर हल्की आगजनी से धुआं उठते देखा गया है. विरोध प्रदर्शन के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.

युवाओं पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले दागे

सिवान में छात्रों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया, जब प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हुई. यहां पत्थरबाजी की खबर है. भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और लाठीचार्ज किया. वहीं, औरंगाबाद में भी स्टूडेंट्स के प्रोटेस्ट के दौरान पत्थरबाजी की घटना हुई है. झड़पों में कई लोगों के घायल होने की खबर है. भीड़ को हटाने और हालात को काबू में करने के लिए सिक्योरिटी फोर्स को मौके पर भेजा गया है.

तेज प्रताप यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया, बोले- मैं युवाओं के लिए मरने को तैयार हूं

बिहार में JJD पार्टी के प्रमुख तेज प्रताप यादव को NEET मुद्दे पर स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान पुलिस ने हिरासत में लिया है. इस दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि मैं स्टूडेंट्स और युवाओं के साथ खड़ा हूं… मैं उनके लिए मरने को तैयार हूं.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 25 Jul, 2026 | 02:07 PM

लेटेस्ट न्यूज़