Commodity News: 600 रुपये लुढ़का चीनी का भाव, अरहर दाल और खाद्य तेल कीमतों में हलचल

Commodity Latest Price Updates : करीब दो सप्ताह की तेजी के बाद अब चीनी, अरहर, सोयाबीन तेल, मूंगफली तेल समेत अन्य खाद्य वस्तुओं की कीमतों में में गिरावट दर्ज की गई है.

रिजवान नूर खान
नोएडा | Updated On: 25 Jul, 2026 | 12:54 PM

बीते दो सप्ताह से ज्यादा कम आपूर्ति और ज्यादा मांग के चलते चीनी, अरहर, सोयाबीन तेल, मूंगफली तेल समेत अन्य खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी देखी गई थी. हालांकि, अब तेजी से इन सब वस्तुओं के भाव में गिरावट दर्ज की गई है. चीनी का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल लुढ़क गया है. इसी तरह अरहर और खाद्य तेलों की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई है. एक्सपर्ट ने कहा है कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जून से एफएमसीजी कंपनियों ने इन वस्तुओं का भंडारण और उठान शुरू किया था, जिससे मांग के अनुरूप आपूर्ति पर दबाव पड़ा और बीते कुछ सप्ताह इन खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी देखी गई.

राष्ट्रीय स्तर पर चीनी का भाव लुढ़का

देश में चीनी के भाव में एक सप्ताह बाद आखिरकार गिरावट दर्ज की गई है. खुदरा बाजार में चीनी का औसत भाव लगभग 42 से 45 रुपये प्रति किलोग्राम और मंडी या थोक भाव लगभग 4,400 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गया है. हालांकि, एक सप्ताह पहले यह भाव 48 रुपये प्रति किलो और मंडी भाव 4800 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया था. उस हिसाब से 600 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गई है.

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश में चीनी का मंडी भाव

मध्य प्रदेश के इंदौर में स्थानीय सियागंज‌ किराना बाजार‌‌ में शुक्रवार को शक्कर के भाव में 40 रुपये प्रति क्विंटल की कमी आई. कारोबारियों के अनुसार शक्कर में चार गाड़ी की आवक हुई. महाराष्ट्र की मुंबई मंडी में 25 जुलाई को चीनी का न्यूनतम मंडी भाव 4150 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है. जबकि, अधिकतम चीनी मंडी भाव 4900 रुपये प्रति क्विंटल है. उत्तर प्रदेश के लखनऊ की बंथरा मंडी में 25 जुलाई को चीनी का न्यूनतम मंडी भाव 4445 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया है. जबकि, अधिकतम भाव 4445 रुपये क्विंटल है.

मूंगफली तेल, सोयाबीन रिफाइंड तेल के भाव में नरमी

मध्य प्रदेश के इंदौर में स्थानीय खाद्य तेल बाजार में शुक्रवार को‌ मूंगफली तेल 10 रुपये एवं सोयाबीन रिफाइंड तेल के भाव में 5 रुपये प्रति 10 किलोग्राम की कमी आई. तिलहन में आज महुआ टोली (महुआ बीज) 100 रुपये प्रति क्विंटल महंगा होकर 35000 रुपये पर बिका. तिलहन में सरसों का भाव 8100 से 8400 प्रति क्विंटल के बीच रहा.

तुअर दाल के भाव में तेज गिरावट

मध्य प्रदेश के इंदौर में स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में शुक्रवार को तुअर (अरहर) के भाव में 200 रुपये प्रति क्विंटल की कमी आई. मसूर दाल 50 रुपये प्रति क्विंटल सस्ती बिकी. वहीं, दलहन चना कांटा का भाव 6450 से 6550 रुपये रहा. जबकि, चना विशाल का मंडी भाव 6300 से 6350 रुपये प्रति क्विंटल और चना काबली डालर का भाव 7500 से 8800 रुपये के बीच रहा.

त्योहारी सीजन में अगले कुछ हफ्तों के दौरान कीमतें बढ़ने की संभावना

बाजार एक्सपर्ट का मानना है कि आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए जून से एफएमसीजी कंपनियों ने इन वस्तुओं को अतिरिक्त भंडारण और उठान शुरू किया था, जिससे मांग के अनुरूप आपूर्ति पर दबाव पड़ा और बीते कुछ सप्ताह इन खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी देखी गई. हालांकि, अब बड़े खरीदारों ने अपने स्टॉक भर लिए हैं तो वे खरीद नहीं कर रहे हैं. जबकि, बाजार में आपूर्ति पहले की तरह ज्यादा बनी हुई है पर मांग तेजी से लुढ़की है, जिसका असर कीमतों में गिरावट के रूप में देखा जा रहा है. मॉनसूनी बारिश को देखते हुए यह गिरावट ज्यादा दिन नहीं रहने वाली है और आगामी कुछ सप्ताह में तेजी से भाव चढ़ने की संभावना है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 25 Jul, 2026 | 12:46 PM

लेटेस्ट न्यूज़