PM Kisan 22nd Installment: करोड़ों किसानों का इंतजार खत्म! जानें इस हफ्ते कब आएंगे 2000 रुपये

PM Kisan 22nd installment: पिछले वर्षों के आंकड़ों को देखें तो पीएम किसान योजना की पहली किस्त अक्सर फरवरी महीने में जारी होती रही है. इसी वजह से किसानों को उम्मीद थी कि फरवरी के अंत तक पैसा मिल जाएगा. लेकिन अब किसानों का इंतजार खत्म होने वाला है.

Kisan India
नई दिल्ली | Updated On: 10 Mar, 2026 | 07:27 AM

PM Kisan 22nd installment: देश के करोड़ों किसान इस समय प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. हर चार महीने में मिलने वाली 2,000 रुपये की यह सहायता राशि छोटे और सीमांत किसानों के लिए बड़ी राहत मानी जाती है. आमतौर पर किसान इस पैसे का इस्तेमाल खेती से जुड़े छोटे-मोटे खर्चों, बीज-खाद की खरीद या घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए करते हैं.

इस बार किसानों को उम्मीद थी कि होली से पहले ही 22वीं किस्त उनके बैंक खाते में पहुंच जाएगी, लेकिन अभी तक पैसा ट्रांसफर नहीं हुआ है. लेकिन अब सभी किसानों का इंतजार खत्म होने वाला है.

13 मार्च को होगी बड़ी घोषणा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हफ्ते किसानों को खुशखबरी मिल सकती है. बताया जा रहा है कि 13 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का असम दौरा प्रस्तावित है. इसी कार्यक्रम के दौरान अगली किस्त जारी की जाएगी.

पिछले वर्षों के आंकड़ों को देखें तो पीएम किसान योजना की पहली किस्त अक्सर फरवरी महीने में जारी होती रही है. इसी वजह से किसानों को उम्मीद थी कि फरवरी के अंत तक पैसा मिल जाएगा. लेकिन इस बार देरी होने के कारण किसानों की उत्सुकता और भी बढ़ गई है.

क्या है पीएम किसान सम्मान निधि योजना

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक सहायता देना है. इस योजना की शुरुआत वर्ष 2019 में की गई थी और तब से अब तक करोड़ों किसानों को इसका लाभ मिल चुका है.

इस योजना के तहत पात्र किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है और हर किस्त में 2,000 रुपये सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजे जाते हैं. इस प्रक्रिया में किसी तरह का बिचौलिया नहीं होता, क्योंकि भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से किया जाता है. सरकार का उद्देश्य है कि किसानों को खेती के शुरुआती खर्चों में मदद मिले और उन्हें आर्थिक सुरक्षा भी मिल सके.

किन किसानों को नहीं मिलेगी अगली किस्त

हर किसान को इस योजना का लाभ नहीं मिलता. सरकार हर किस्त से पहले लाभार्थियों की सूची की जांच करती है और जो किसान पात्रता शर्तों को पूरा नहीं करते, उनके नाम सूची से हटा दिए जाते हैं. कुछ ऐसी स्थितियां हैं जिनमें किसान अगली किस्त से वंचित रह सकते हैं.

यदि किसान ने ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी नहीं की है, तो उसकी किस्त रुक सकती है. इसी तरह अगर किसान का आधार और बैंक खाते का सत्यापन नहीं हुआ है या भूमि रिकॉर्ड की जानकारी पोर्टल पर सही तरीके से अपडेट नहीं है, तो भी भुगतान रुक सकता है.

इसके अलावा जिन परिवारों में कोई सदस्य सरकारी नौकरी करता है या आयकर भरता है, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं दिया जाता. अगर किसी किसान परिवार का सदस्य हर महीने 10,000 रुपये या उससे अधिक की सरकारी पेंशन ले रहा है, तो वह भी इस योजना के लिए पात्र नहीं माना जाता.

किसानों के लिए जरूरी काम

सरकार ने किसानों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपनी जानकारी अपडेट कर लें, ताकि किस्त मिलने में कोई दिक्कत न आए. इसके लिए किसानों को कुछ जरूरी काम पूरे करने चाहिए.

सबसे पहले ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करना जरूरी है. इसके अलावा किसानों को यह भी जांचना चाहिए कि उनके जमीन के रिकॉर्ड और बैंक खाते की जानकारी सही तरीके से पोर्टल पर दर्ज है या नहीं.

अगर किसी तरह की गलती है तो उसे तुरंत ठीक कराना चाहिए. इससे भुगतान रुकने की संभावना कम हो जाती है.

ऐसे चेक करें लाभार्थी सूची में नाम

अगर कोई किसान यह जानना चाहता है कि उसे 22वीं किस्त मिलेगी या नहीं, तो वह पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना नाम जांच सकता है.

इसके लिए किसान को वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर “Beneficiary List” वाले विकल्प पर क्लिक करना होगा. इसके बाद राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव की जानकारी भरनी होती है. जानकारी भरने के बाद स्क्रीन पर लाभार्थियों की सूची दिखाई देती है, जिसमें किसान अपना नाम देख सकते हैं.

अगर सूची में नाम मौजूद है और सभी दस्तावेज सही हैं, तो किस्त जारी होते ही 2,000 रुपये सीधे बैंक खाते में पहुंच जाएंगे.

जल्द खत्म हो सकता है इंतजार

फिलहाल देशभर के करोड़ों किसान अगली किस्त का इंतजार कर रहे हैं. लाखों किसानों के खाते में जल्द ही 2,000 रुपये की राशि पहुंच सकती है, जिससे उन्हें खेती और घरेलू जरूरतों में कुछ राहत मिलेगी.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 10 Mar, 2026 | 07:00 AM

लेटेस्ट न्यूज़