Agriculture Department: उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए राहत भरी खबर है. कृषि विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत सब्सिडी पर मिलने वाले कृषि यंत्रों और कृषि रक्षा उपकरणों के वितरण के लिए ई-लॉटरी की तारीख घोषित कर दी है. जिला स्तर पर 20 और 21 अगस्त को ई-लॉटरी होगी, जबकि प्रदेश स्तर की लॉटरी 21 अगस्त को कृषि निदेशालय द्वारा कराई जाएगी. पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग, लाउडस्पीकर और किसानों को पहले से सूचना देने की व्यवस्था अनिवार्य की गई है.
20 और 21 अगस्त को होगी ई-लॉटरी
कृषि विभाग के निर्देशों के अनुसार, जिन कृषि यंत्रों की बुकिंग जिला स्तर पर हुई है उनकी ई-लॉटरी स्थानीय स्तर पर 20 और 21 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी. वहीं, प्रदेश स्तर के यंत्रों की बुकिंग के लिए 21 अगस्त को कृषि निदेशालय से ऑनलाइन ई-लॉटरी निकाली जाएगी. इस प्रक्रिया के माध्यम से पात्र किसानों का चयन पूरी तरह कंप्यूटर आधारित प्रणाली से किया जाएगा, जिससे मानवीय हस्तक्षेप की संभावना न्यूनतम रहेगी और सभी आवेदकों को समान अवसर मिलेगा.
जिलाधिकारी की निगरानी में चलेगी पूरी प्रक्रिया
जिला स्तर पर ई-लॉटरी का आयोजन जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की देखरेख में होगा. समिति के सभी सदस्यों का विवरण 19 अगस्त तक विभागीय पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य किया गया है. कृषि विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि समिति के सदस्यों को समय रहते ई-लॉटरी की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और निर्धारित समय पर प्रक्रिया पूरी की जाए. इससे प्रशासनिक जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी.
- PM Kisan Yojana के लाभार्थियों को एडवांस में मिलेंगे 2000 रुपये, जानिए किस्त जारी करने के लिए मंत्रालय ने क्या कहा
- हल्दी, करौंदा की खेती पर सरकार दे रही 10 हजार रुपये, स्प्रिंकलर लगवाने पर 90 फीसदी सब्सिडी पाएं किसान
- यमुना और हिंडन की बाढ़ में अभी भी डूबे दर्जनों गांव, गन्ना में बीमारी लग रही.. गेहूं बुवाई में देरी की चिंता
पारदर्शिता के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग और मॉक ड्रिल
किसानों का भरोसा बनाए रखने के लिए विभाग ने कई विशेष प्रबंध किए हैं. ई-लॉटरी स्थल पर पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग कराई जाएगी, जबकि सभी घोषणाओं के लिए लाउडस्पीकर की व्यवस्था अनिवार्य होगी. जरूरत पड़ने पर किसानों के सामने ई-लॉटरी का मॉक ड्रिल भी कराया जाएगा, ताकि वे पहले से समझ सकें कि चयन प्रक्रिया कैसे संचालित होगी. इसका उद्देश्य किसी भी भ्रम या विवाद की संभावना को खत्म करना है.
किसानों को पहले मिलेगी सूचना, कई की बुकिंग सीधे होगी कंफर्म
ई-लॉटरी में शामिल किसानों को विभागीय कर्मचारी फोन कॉल या लिखित सूचना के माध्यम से पहले ही कार्यक्रम की जानकारी देंगे. इससे किसानों को समय पर उपस्थित होने में सुविधा मिलेगी. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन कृषि यंत्रों के लिए आवेदन संख्या उपलब्ध लक्ष्य के बराबर है, वहां ई-लॉटरी नहीं होगी. ऐसे सभी किसानों की बुकिंग 19 अगस्त 2026 को सीधे कंफर्म कर दी जाएगी. यानी जिन श्रेणियों में प्रतिस्पर्धा नहीं है, वहां किसानों को बिना लॉटरी के ही सब्सिडी का लाभ मिलेगा. उत्तर प्रदेश कृषि विभाग का मानना है कि यह डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था कृषि यंत्रों के वितरण को अधिक निष्पक्ष बनाएगी तथा पात्र किसानों तक सरकारी सहायता समय पर पहुंचाने में मदद करेगी.