किसानों का दिल्ली कूच! 228 KM पैदल मार्च से पहले हरियाणा में बढ़ी हलचल, बॉर्डर पर प्रशासन अलर्ट

Farmers Protest: संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) आज यानी 16 अगस्त से हरियाणा के दातासिंहवाला गांव से दिल्ली के जंतर-मंतर तक करीब 228 किलोमीटर लंबी ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ शुरू करेगा. यात्रा में 51 पदयात्री शामिल होंगे, जिसे देखते हुए हरियाणा प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 16 Aug, 2026 | 08:11 AM

Kisan Bachao Padyatra: संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) की ओर से किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर एक बड़ी पदयात्रा शुरू की जा रही है. ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ रविवार को हरियाणा के दातासिंहवाला गांव से शुरू होगी और दिल्ली के जंतर-मंतर तक जाएगी. करीब 228 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में 51 पदयात्री पैदल चलेंगे. किसान संगठन का कहना है कि यह यात्रा किसानों की मांगों और समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने के मकसद से निकाली जा रही है.

कई मांगों को लेकर दिल्ली कूच करेंगे किसान

किसानों की मुख्य मांगों में MSP की कानूनी गारंटी, किसानों और खेत मजदूरों के मुद्दे, कर्ज माफी और पेंशन समेत कई लंबित मांगें शामिल हैं. किसान संगठन यह भी आरोप लगा रहे हैं कि केंद्र सरकार इन मुद्दों पर उनसे बातचीत नहीं कर रही है.

संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के मुताबिक, आज से 228 किलोमीटर लंबी ‘किसान बचाओ पदयात्रा’ शुरू होगी. यह यात्रा हरियाणा-पंजाब सीमा पर स्थित डेटा सिंह वाला गांव से शुरू होकर 29 अगस्त को दिल्ली के जंतर-मंतर पर किसान पंचायत के साथ खत्म होगी. आयोजकों का कहना है कि पदयात्रा पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगी और कोशिश की जाएगी कि इससे आम लोगों और यातायात को किसी तरह की परेशानी न हो.

अरदास के बाद शुरू होगी पदयात्रा

पदयात्रा की शुरुआत से पहले दातासिंहवाला गांव में गुरुद्वारे के पास स्थित हाल में कार्यक्रम रखा गया है. सुबह 11 बजे पदयात्री वहां पहुंचेंगे. इसके बाद दोपहर 12:30 बजे अरदास और प्रार्थना होगी. दोपहर 12:45 से 2 बजे तक सभा आयोजित की जाएगी. इसके बाद 2 से 3 बजे के बीच सभी 51 पदयात्री शुभकरण सिंह के शहीदी स्थल से मिट्टी लेकर आएंगे. इस कार्यक्रम के बाद दोपहर 3 बजे पदयात्रा को रवाना किया जाएगा.

पहले दिन कहां पहुंचेगी यात्रा?

यात्रा शुरू होने के बाद शाम करीब 4:45 बजे पदयात्री उझाना गांव के मुख्य अड्डे पर पहुंचेंगे. यहां उनका स्वागत किया जाएगा. इसके बाद रात में बेलरखा गांव में पदयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है. आयोजकों के मुताबिक, यह यात्रा करीब 228 किलोमीटर की दूरी तय करके दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचेगी. रास्ते में कई जगह किसानों और स्थानीय लोगों के पदयात्रियों के समर्थन में जुटने की उम्मीद है.

51 पदयात्रियों की टीम तैयार

जंतर-मंतर तक पैदल जाने वाले दल में किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल समेत कुल 51 पदयात्री शामिल हैं. इनमें राजबीर सिंह, गुलाब राजपूत, हर्षदीप सिंह, बलदेव संदोहा, दिनेश शर्मा, नितिन बालियान, अभिमन्यु कोहाड़, वीरेंद्र खोखर, शेरा बेनीवाल, शमशेर कुंडू, विनोद कुमार, जसविंदर सिंह, सुरेश पानू और मनोज भनवाला समेत कई लोग शामिल हैं. मोर्चे ने यात्रा को लेकर अतिरिक्त व्यवस्था भी की है. छह अतिरिक्त नामों को सूची में रखा गया है. उनके साथ लगभग 200 सहयोगी कार्यकर्ता और व्यवस्था, चिकित्सा व आवश्यक सेवाओं के लिए 25 से 35 सपोर्ट वाहन रहेंगे.

हरियाणा प्रशासन भी सतर्क

किसान संगठनों की इस पदयात्रा के ऐलान के बाद हरियाणा प्रशासन भी अलर्ट हो गया है. यात्रा के संभावित रूट और लोगों की आवाजाही को देखते हुए बॉर्डर इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई जा रही है. प्रशासन की ओर से कई जगह बैरिकेडिंग की जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की तैयारी है. प्रशासन की कोशिश है कि पदयात्रा के दौरान किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो.

जंतर-मंतर तक पहुंचेगा किसान मार्च

दातासिंहवाला गांव से शुरू होने वाली यह पदयात्रा कई दिनों तक चलने के बाद दिल्ली पहुंचेगी. 51 पदयात्री पैदल सफर करते हुए जंतर-मंतर तक जाएंगे. किसान संगठन इसे किसानों की आवाज को राजधानी तक पहुंचाने का एक बड़ा माध्यम बता रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़