राजस्थान में सैकड़ों किसानों को अभी तक नहीं मिली पीएम किसान की 23वीं किस्त, खाते में नहीं आए 2000 रुपये

राजस्थान के डूंगरपुर में PM किसान योजना के 1,740 पात्र किसानों की किस्त पोर्टल पर गलत पता और जिला दर्ज होने के कारण अटकी हुई है. वहीं, 24 वीं किस्त अक्टूबर में जारी होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि सरकार ने अभी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है. पात्रता और अपात्रता के नियम भी जान लें.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 15 Jul, 2026 | 02:25 PM

पूरे देश में अन्नदाता प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan) की 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन राजस्थान में सैकड़ों किसानों को अभी तक 23वीं किस्त की राशि खातों में नहीं पहुंची है. ऐसे में इन किसानों की टेंशन बढ़ती जा रही है. जांच में पता चला है कि कई किसानों के रिकॉर्ड में उनका जिला गलत दिख रहा है. हो सकता है इस वजह से उनकी किस्त अभी तक खातों में नहीं पहुंची है. हालांकि, पीएम किसान की 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी. इसके तहत 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में 2000-2000 रुपये की राशि सीधे (DBT) ट्रांसफर की गई.

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, डूंगरपुर जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना  के 1,740 पात्र किसानों को लंबे समय से किस्त की राशि नहीं मिल रही है. इसकी वजह पोर्टल पर किसानों के पते और जिले से जुड़ी गलत जानकारी दर्ज होना बताया जा रहा है. जांच में पता चला है कि कई किसानों के रिकॉर्ड में उनका जिला गलत दिख रहा है. उदाहरण के तौर पर गलियाकोट क्षेत्र के रहने वाले कुछ किसानों का जिला पोर्टल पर टोंक, चित्तौड़गढ़ या राजसमंद दर्ज है. इस वजह से उनकी किस्त अटक गई है और वे योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं.

किसानों के सामने बहुत बड़ी परेशानी

सबसे बड़ी परेशानी यह है कि फिलहाल पोर्टल पर पता और जिले की जानकारी सुधारने का कोई स्पष्ट विकल्प उपलब्ध नहीं है. तकनीकी खामी के कारण प्रभावित किसान लंबे समय से सम्मान निधि की राशि का इंतजार कर रहे हैं. स्थानीय स्तर पर इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही है, ताकि पात्र किसानों को जल्द योजना का लाभ मिल सके. इस मामले को लेकर क्षेत्रीय विधायक शंकरलाल डेंचा ने विधानसभा में भी सवाल उठाया था, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

PM किसान पोर्टल में तकनीकी सुधार करने की मांग

प्रभावित किसानों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि गलियाकोट क्षेत्र में विशेष शिविर लगाए जाएं, ताकि किसानों के रिकॉर्ड में दर्ज गलत पता और जिले की जानकारी को ठीक किया जा सके. साथ ही, PM किसान पोर्टल  में तकनीकी सुधार करने की भी मांग की गई है, जिससे भविष्य में ऐसी दिक्कतें न हों और किसानों को समय पर योजना का लाभ मिल सके. वहीं, विधायक शंकरलाल डेंचा ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि सभी पात्र लाभार्थियों की समस्या जल्द दूर की जाएगी. उन्होंने कहा है कि कुछ किसानों के रिकॉर्ड में सुधार कर दिया गया है और बाकी किसानों की त्रुटियां भी जल्द ठीक कर उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाया जाएगा.

कब जारी होगी 24वीं किस्त

वहीं, 24वीं किस्त के बारे में बात करें तो अक्टूबर में महीने में जारी की जा सकती है. हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त जून में जारी की गई थी. इस योजना के तहत किस्तें आमतौर पर हर चार महीने में जारी होती हैं. पिछले वर्षों के पैटर्न को देखें तो सरकार कई बार नवरात्रि या दशहरा जैसे त्योहारों के आसपास किसानों के खाते में किस्त जारी कर चुकी है. इसी आधार पर माना जा रहा है कि इस बार भी अक्टूबर में त्योहारों के दौरान किसानों को किस्त मिल सकती है. हालांकि, केंद्र सरकार ने अभी तक 24वीं किस्त जारी करने की तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है. इसलिए किसानों को सरकार की आधिकारिक सूचना का इंतजार करना होगा.

ऐसे लोग योजना के लिए हैं अपात्र

इस योजना का लाभ केवल उन किसानों को मिलता है जो भारत के नागरिक हैं और उनके पास खेती योग्य जमीन  है. खास तौर पर छोटे और सीमांत किसान ही इसके लिए पात्र होते हैं. जो लोग इनकम टैक्स भरते हैं या जिनकी पेंशन 10,000 रुपये या उससे ज्यादा है, वे इस योजना का लाभ नहीं ले सकते.

कौन लोग योजना के लिए पात्र नहीं हैं

  • जिन परिवारों में कोई सदस्य सरकारी कर्मचारी है या रिटायर हो चुका है
  • ऐसे किसान जिन्होंने पिछले वित्तीय वर्ष में इनकम टैक्स भरा है
  • संवैधानिक पद पर रहने वाले व्यक्ति
  • अगर कोई व्यक्ति किसान होने के साथ-साथ डॉक्टर, वकील, सीए जैसे प्रोफेशनल काम भी करता है, तो वह इस योजना का लाभ नहीं ले सकता

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 15 Jul, 2026 | 02:16 PM

लेटेस्ट न्यूज़