Haulage tractors: भारत में ट्रैक्टर सिर्फ खेती के लिए ही इस्तेमाल नहीं किए जाते, बल्कि गांवों में रोजमर्रा के कई कामों के लिए भी इनका उपयोग होता है. खेतों की जुताई से लेकर ट्रॉली में फसल ढोने, ईंट, रेत, गन्ना और अन्य भारी सामान की ढुलाई तक ट्रैक्टर किसानों की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं. खासकर गांवों में ट्रैक्टर-ट्रॉली का इस्तेमाल बहुत ज्यादा होता है, इसलिए किसानों को ऐसे ट्रैक्टर की जरूरत होती है जो ताकतवर इंजन, बेहतर संतुलन और खराब ग्रामीण सड़कों पर भी स्थिर प्रदर्शन दे सके.
भारत में 35 से 50 हॉर्सपावर (HP) वाले ट्रैक्टर इस काम के लिए सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं. यह ट्रैक्टर खेती और ढुलाई दोनों कामों में बेहतर प्रदर्शन करते हैं. अगर कोई किसान ढुलाई के लिए मजबूत ट्रैक्टर खरीदने की सोच रहा है, तो इस श्रेणी में कई भरोसेमंद विकल्प उपलब्ध हैं. इसके साथ ही बता दें कि हरियाणा सरकार किसानों को ट्रैक्टर खरीदने पर 3 लाख रुपये तक अनुदान दे रही है. इसके साथ ही बिहार,मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश सरकार भी किसानों को ट्रैक्टर खरीद पर भारी सब्सिडी दे रही है, जिससे किसानों को अच्छा मुनाफा मिल रहा है.
ढुलाई वाले ट्रैक्टर में क्या होना चाहिए खास
जब ट्रैक्टर का इस्तेमाल ट्रॉली खींचने और भारी सामान ढोने के लिए किया जाता है, तो उसकी कुछ खास खूबियां बेहद जरूरी होती हैं. सबसे पहले इंजन की ताकत अच्छी होनी चाहिए ताकि ट्रैक्टर भारी वजन को आसानी से खींच सके. इसके अलावा ट्रैक्टर का संतुलन मजबूत होना चाहिए ताकि ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर भी ट्रैक्टर स्थिर बना रहे.
अच्छे ब्रेक, पावर स्टीयरिंग और मजबूत गियरबॉक्स भी ढुलाई वाले ट्रैक्टर के लिए जरूरी माने जाते हैं. इन सुविधाओं के कारण ट्रैक्टर चलाना आसान होता है और लंबे समय तक काम करने पर भी चालक को ज्यादा परेशानी नहीं होती.
Powertrac 434 Plus Powerhouse
ये ट्रैक्टर अपने मजबूत इंजन और स्थिर प्रदर्शन के लिए जाना जाता है. लगभग 39 हॉर्सपावर का यह ट्रैक्टर मध्यम से भारी ट्रॉली लोड के लिए उपयुक्त माना जाता है.
इस ट्रैक्टर में 8 फॉरवर्ड और 2 रिवर्स गियर का ट्रांसमिशन मिलता है, जिससे अलग-अलग परिस्थितियों में ट्रैक्टर को आसानी से नियंत्रित किया जा सकता है. इसमें ऑयल इमर्स्ड ब्रेक और पावर स्टीयरिंग की सुविधा दी गई है, जो ढुलाई के दौरान बेहतर नियंत्रण प्रदान करती है. इसकी लिफ्ट क्षमता लगभग 1600 किलोग्राम है और करीब 50 लीटर का फ्यूल टैंक लंबे समय तक काम करने में मदद करता है.
Massey Ferguson 1035 DI Planetary Plus
इसे भारत में सबसे भरोसेमंद ट्रैक्टर मॉडलों में से एक माना जाता है. करीब 40 हॉर्सपावर का यह ट्रैक्टर छोटे और मध्यम किसानों के बीच काफी लोकप्रिय है. इस ट्रैक्टर में भी 8 फॉरवर्ड और 2 रिवर्स गियर का ट्रांसमिशन दिया गया है. इसकी लिफ्ट क्षमता लगभग 1100 किलोग्राम है. इसमें ऑयल इमर्स्ड ब्रेक और पावर स्टीयरिंग का विकल्प भी मिलता है. करीब 46 लीटर के फ्यूल टैंक के साथ यह ट्रैक्टर खेती और हल्की से मध्यम ढुलाई के काम के लिए काफी उपयुक्त माना जाता है.
Sonalika DI 740 III S3
Sonalika DI 740 III S3 इस सेगमेंट का थोड़ा ज्यादा ताकतवर ट्रैक्टर माना जाता है. लगभग 42 हॉर्सपावर की क्षमता वाला यह ट्रैक्टर भारी ट्रॉली लोड और लंबे समय तक काम करने के लिए उपयुक्त है. इसमें 8 फॉरवर्ड और 2 रिवर्स गियर का ट्रांसमिशन दिया गया है और इसकी लिफ्ट क्षमता लगभग 2000 किलोग्राम तक है. इसमें पावर स्टीयरिंग और ऑयल इमर्स्ड ब्रेक की सुविधा मिलती है. करीब 55 लीटर का बड़ा फ्यूल टैंक लंबे समय तक लगातार काम करने में मदद करता है.
New Holland 3630 TX Special Edition
इसे अपने संतुलित प्रदर्शन और आरामदायक ड्राइविंग के लिए जाना जाता है. लगभग 49.5 हॉर्सपावर का यह ट्रैक्टर खेती और ढुलाई दोनों कामों के लिए उपयुक्त माना जाता है.
इस ट्रैक्टर में 8 फॉरवर्ड और 2 रिवर्स गियर का ट्रांसमिशन दिया गया है और इसकी लिफ्ट क्षमता करीब 1500 किलोग्राम है. इसमें पावर स्टीयरिंग, ऑयल इमर्स्ड ब्रेक और आरामदायक सीट जैसी सुविधाएं मिलती हैं, जिससे लंबे समय तक ट्रैक्टर चलाना आसान हो जाता है.
John Deere 5210 GearPro 2WD
यह ट्रैक्टर अपनी मजबूत बॉडी और बेहतर प्रदर्शन के लिए जाना जाता है. लगभग 50 हॉर्सपावर का यह ट्रैक्टर भारी ढुलाई और नियमित ट्रॉली काम के लिए काफी उपयुक्त माना जाता है. इसमें 8 फॉरवर्ड और 4 रिवर्स गियर का ट्रांसमिशन दिया गया है. इसकी लिफ्ट क्षमता लगभग 2000 से 2500 किलोग्राम तक है. इसमें पावर स्टीयरिंग, ऑयल इमर्स्ड ब्रेक और ड्यूल क्लच जैसी सुविधाएं मिलती हैं, जिससे ट्रैक्टर की ताकत और नियंत्रण दोनों बेहतर हो जाते हैं.
सही ट्रैक्टर चुनना क्यों जरूरी
किसानों के लिए ट्रैक्टर एक बड़ा निवेश होता है. इसलिए ट्रैक्टर खरीदते समय यह देखना जरूरी है कि उसका उपयोग किस काम के लिए किया जाएगा. अगर ट्रैक्टर का उपयोग खेती के साथ-साथ ढुलाई के लिए भी किया जाना है, तो ऐसा ट्रैक्टर चुनना चाहिए जिसमें मजबूत इंजन, बेहतर गियर सिस्टम और अच्छी ब्रेकिंग व्यवस्था हो.
35 से 50 हॉर्सपावर वाले ट्रैक्टर इस काम के लिए सबसे संतुलित माने जाते हैं. ये ट्रैक्टर न सिर्फ खेतों में बेहतर काम करते हैं बल्कि ट्रॉली के साथ भारी सामान की ढुलाई भी आसानी से कर सकते हैं. सही ट्रैक्टर का चयन करने से किसानों का काम आसान होता है और समय के साथ उनकी लागत भी कम होती है.