पराली की समस्या को खत्म करने के साथ ही बुवाई की सुविधा देने वाले कृषि यंत्र सुपर सीडर पर सरकार 40 फीसदी की छूट दे रही है. मध्य प्रदेश सरकार की ओर से कृषि अभियत्रिकी विभाग योजना को चला रहा है. विभाग ने युवा किसानों को इस छूट का लाभ लेने के लिए आवेदन करने की अपील की है. किसान विभाग के कार्यालय में भी आवेदन कर सकते हैं और ऑनलाइन वेबसाइट https://farmer.mpdage.org/Home/Index पर जाकर भी आवेदन किया जा सकता है. विभाग का कहना है कि इस यंत्र की मदद से किसान एक लाख रुपये की कमाई आसानी से कर सकते हैं.
पराली से छुटकारा और बुवाई करने में कारगर
मध्य प्रदेश में खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए शासन द्वारा कई योजनाएं लागू की गई हैं. किसानों को आधुनिक तकनीक का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. इसी कड़ी का उदाहरण सुपर सीडर है. सुपर सीडर ट्रैक्टर के साथ जुड़कर कार्य करने वाला ऐसा यंत्र है जो नरवाई की समस्या का निदान करने के साथ-साथ बुवाई भी करता है. जो किसान धान की खेती के बाद गेंहू और चने की बुवाई करते हैं उनके लिए यह अत्यंत उपयोगी है.
धान, गेहूं, चना की कटाई करते वक्त डंठल के छोटे टुकड़े कर देता है
मध्य प्रदेश के सतना जिले के कृषि अभियत्रिकी विभाग के अनुसार कृषि यंत्र सुपर सीडर धान या अन्य किसी भी फसल के डंठल जिसे नरवाई कहा जाता है उसे आसानी से छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिट्टी में मिला देता है. इसके उपयोग से नरवाई को जलाने की जरूरत नहीं पड़ती. इससे एक ओर पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण होता है वहीं दूसरी ओर मिट्टी के ऊपरी परत के उपयोगी जीवाणुओं के जीवन की रक्षा भी होती है. वहीं, मिट्टी में मिलकर यह खाद बन जाती है, जो खेत की उर्वरा शक्ति को भी बढ़ाता है.
- Agriculture Budget: कृषि योजनाओं के लिए नहीं बढ़ा बजट, खेती पर खर्च होंगे 1.62 लाख करोड़ रुपये.. पढ़ें डिटेल्स
- Budget 2026: ‘विकसित भारत’ का दावा या जनता को धोखा? बजट पेश होते ही ममता से अखिलेश तक भड़के विपक्षी नेता!
- बजट में रिफॉर्म्स पर फोकस.. ग्रामीण विकास समेत इन सेक्टर्स को बूस्ट देने की घोषणाएं, पढ़ें- कृषि मंत्री ने क्या कहा
40 फीसदी छूट पर खरीदें सुपर सीडर
सुपर सीडर से नरवाई वाले खेत में सीधे गेंहू, चने अथवा अन्य फसल की बोनी की जा सकती है. इसके उपयोग से किसान को नरवाई की झंझट से मुक्ति मिलती है, जो नरवाई किसान के लिए समस्या है उसे सुपर सीडर खाद के रूप में बदलकर वरदान बना देता है. संभागीय कृषि अभियांत्रिकी विभाग सतना में कृषि यंत्र सुपर सीडर उपलब्ध है. शासन की योजनाओं के तहत किसान को सुपर सीडर खरीदने पर 40 फीसदी तक छूट दी जा रही है.
एक सीजन में होगी एक लाख की कमाई
सुपर सीडर सामान्य तौर पर एक घंटे में एक एकड़ क्षेत्र में नरवाई नष्ट करने के साथ बुवाई कर देता है. गेंहू के बाद जिन क्षेत्रों में मूंग की खेती की जाती है वहां भी सुपर सीडर बहुत उपयोगी है. हार्वेस्टर से कटाई के बाद गेंहू के शेष बचे डंठल को आसानी से मिट्टी में मिलाकर सुपर सीडर मूंग की बुवाई कर देता है. सुपर सीडर के उपयोग से जुताई का खर्च बच जाता है. नरवाई नष्ट करने, जुताई और बुवाई एक साथ हो जाने से खेती की लागत घटती है. जिन किसानों के पास ट्रैक्टर हैं उनके घर के शिक्षित युवा सुपर सीडर खरीदकर एक सीजन में एक लाख रुपए तक की कमाई कर सकते हैं.