मॉनसून ने पकड़ी रफ्तार, इन राज्यों में अगले 48 घंटे भारी, IMD ने जारी किया बड़ा अलर्ट

Weather Update: मॉनसून अब तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है. अगले कुछ दिनों में यूपी, बिहार, दिल्ली, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश शुरू होने की संभावना है, जिससे लू और गर्मी से राहत मिलेगी. वहीं दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में पहले से ही अच्छी बारिश हो रही है.

Isha Gupta
नोएडा | Published: 27 Jun, 2026 | 07:11 AM

Today’s Weather Update: देशभर में मॉनसून धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है. दक्षिण भारत के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो रही है और अब मॉनसून उत्तर भारत की ओर तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग का अनुमान है कि जुलाई के पहले सप्ताह तक मॉनसून उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच जाएगा. इससे भीषण गर्मी और लू से राहत मिलेगी, साथ ही खरीफ फसलों की बुवाई में भी तेजी आएगी. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों में उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब समेत कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक देखने को मिल सकती है.

यूपी में जल्द बदलेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अभी भी तेज गर्मी और लू का असर बना हुआ है. दिन का तापमान कई जगह 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि, अगले 48 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश शुरू हो सकती है. जून के आखिर तक मॉनसून के उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने की संभावना है. इसके बाद तापमान में गिरावट आएगी और किसानों को धान समेत खरीफ फसलों की बुवाई में राहत मिलेगी. फिलहाल पूर्वी और मध्य यूपी के कई जिलों में लू का अलर्ट जारी है.

दिल्ली-एनसीआर में गर्मी के बीच बारिश की उम्मीद

दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों धूप और बादलों का सिलसिला जारी है. अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों में आंशिक बादल छा सकते हैं. कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और हल्की बारिश होने की संभावना है, जिससे मौसम कुछ राहत भरा हो सकता है.

बिहार में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में मौसम जल्द करवट लेने वाला है. राज्य के कई जिलों में 27 जून से बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. किशनगंज और पूर्णिया के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं गया, नवादा और अररिया समेत कई जिलों में भी तेज बारिश की संभावना है. राजधानी पटना में तेज हवाओं, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है.

राजस्थान में भी बदलेगा मौसम

राजस्थान में भी धीरे-धीरे लू का असर कम होने लगा है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सप्ताह तक मॉनसून राजस्थान में भी दस्तक दे सकता है. इससे तापमान में गिरावट आ सकती है.

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय

दक्षिण भारत में मॉनसूनी बारिश लगातार जारी है. तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, गोवा और महाराष्ट्र के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है.

वहीं पूर्वोत्तर भारत में भी मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा सहित कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. कुछ इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति भी पैदा हो सकती है.

किसानों और लोगों के लिए राहत

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, उत्तर भारत में मॉनसून पहुंचते ही गर्मी से काफी राहत मिलने की उम्मीद है. इससे लोगों को सुकून मिलेगा और किसानों के लिए खरीफ फसलों की बुवाई करना भी आसान हो जाएगा. कई राज्यों में तापमान में गिरावट आने और मौसम सुहाना होने की संभावना है. वहीं, अच्छी बारिश से जलाशयों का जलस्तर बढ़ेगा और खेती के लिए भी पर्याप्त पानी मिल सकेगा. हालांकि, जिन इलाकों में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए और मौसम विभाग की सलाह का पालन करना चाहिए.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

लेटेस्ट न्यूज़