Rain Alert: देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 अगस्त को 19 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. इस दौरान कुछ इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है. वहीं, पूर्वी राज्यों के कई हिस्सों में तेज गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है. मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है. इसे देखते हुए किसानों और मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. इसके अलावा, पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के छत्तीसगढ़ में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है. इसके असर से कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.
कई राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि 12 अगस्त को कुछ इलाकों में 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी राज्यों में भारी बारिश से सबसे ज्यादा असर पड़ने की आशंका है. अलर्ट वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और केरल शामिल हैं.
- देशभर में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में भी बरसेंगे बादल.. आंधी-बरसात को लेकर रहें सतर्क
- तमिलनाडु में चावल हुआ महंगा, 15 रुपये किलो तक बढ़ी कीमत.. बिगड़ा किचन का बजट
- कर्नाटक में महंगी हुईं मछलियां, कीमतों में 190 फीसदी तक बढ़ोतरी.. 580 रुपये किलो हुआ भाव
- फसल नुकसान पर किसानों को बड़ी राहत, सरकार ने मुआवजे का किया ऐलान.. DBT के जरिए भुगतान
हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट
दिल्ली में 12 अगस्त को भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. राजधानी में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं, उत्तर प्रदेश के मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, बहराइच, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, शाहजहांपुर, रामपुर, उन्नाव, प्रयागराज, देवरिया और गोरखपुर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है. इन इलाकों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, लखनऊ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
मुंबई में अगले दो दिन भारी बारिश का अनुमान
वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मुंबई और आसपास के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है. कोंकण क्षेत्र में मॉनसून सक्रिय रहने के कारण बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को मुंबई में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. दोनों दिनों में बारिश की संभावना काफी अधिक है. वहीं, गुरुवार से शनिवार तक बारिश की तीव्रता कम होकर हल्की से मध्यम रहने का अनुमान है. हालांकि, इन दिनों भी बारिश की संभावना बनी रहेगी. मौसम विभाग का यह पूर्वानुमान हर दिन सुबह 8:30 बजे से अगले दिन सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगा.