अगले 72 घंटों में बिगड़ेगा मौसम, उत्तर से दक्षिण तक कई राज्यों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी

दरअसल, इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन को बताया जा रहा है, जो देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय हो चुके हैं. इसके चलते कई राज्यों में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

Kisan India
नई दिल्ली | Published: 28 Mar, 2026 | 07:00 AM

Today Weather: देश में मौसम एक बार फिर तेजी से बदलने जा रहा है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले 48 से 72 घंटों के दौरान कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. कहीं तेज आंधी और बारिश होगी, तो कहीं बर्फबारी और ओलावृष्टि के हालात बन सकते हैं. वहीं कुछ इलाकों में गर्मी और हीटवेव का असर भी बना रहेगा.

दरअसल, इस बदलाव की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन को बताया जा रहा है, जो देश के अलग-अलग हिस्सों में सक्रिय हो चुके हैं. इसके चलते कई राज्यों में मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.

उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ का असर

कश्मीर में आंधी, बारिश, ओलावृष्टि और बर्फबारी देखने को मिल सकती है. इसके अलावा राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. कई जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम अचानक बदल सकता है.

उत्तर प्रदेश में मौसम का बदलता रंग

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम ने करवट ली है. कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है. कानपुर, लखनऊ, सीतापुर और हरदोई जैसे जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी यूपी में बादल छाए हुए हैं.

मौसम विभाग ने शनिवार तक करीब 38 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है. साथ ही, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी गई है. कई जगहों पर ओले गिरने से गेहूं की फसल को नुकसान भी हुआ है. हालांकि, मौसम ठंडा होने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन बुंदेलखंड के बांदा में तापमान अभी भी 40 डिग्री के आसपास बना हुआ है.

दिल्ली-एनसीआर में राहत भरा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम ने अचानक करवट ली है. गुरुवार से शुरू हुआ बदलाव शुक्रवार को और स्पष्ट नजर आया, जब कई इलाकों में हल्की बारिश हुई. मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान भी हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं.

दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है. वहीं नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी धूल भरी आंधी और बारिश से मौसम सुहावना बना रहेगा. इससे हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखा गया है और तापमान 30 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.

28 मार्च का तापमान

शहर का नाम न्यूनतम तापमान अधिकतम तापमान
दिल्ली 17°C 29°C
मुंबई 26°C 32°C
चंडीगढ़ 16°C 28°C
जयपुर 19°C 29°C
भोपाल 21°C 33°C
लखनऊ 19°C 31°C
पटना 20°C 32°C
रांची 17°C 32°C
कोलकाता 22°C 35°C
चेन्नई 22°C 32°C
बेंगलुरु 21°C 33°C
शिमला 9°C 18°C
देहरादून 12°C 21°C
कश्मीर 5°C 13°C

राजस्थान और मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश

राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार 28 से 30 मार्च के बीच राज्य के कई संभागों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है. जयपुर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर, जोधपुर और अजमेर जैसे इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. इस दौरान ओलावृष्टि और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा.

मध्य प्रदेश में भी साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर देखने को मिलेगा, जिससे कई हिस्सों में आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं और मौसम सुहावना बना रहेगा.

बिहार में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट

बिहार में अगले 7 दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है. किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ ठनका गिरने की संभावना है. साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

उत्तराखंड में कई जिलों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है. नैनीताल, चमोली, पिथौरागढ़ और उत्तरकाशी जैसे इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली हैं. मौसम विभाग ने 30 मार्च तक रुक-रुक कर बारिश और बर्फबारी जारी रहने की संभावना जताई है.

हिमाचल प्रदेश में भी 28 से 31 मार्च तक मौसम खराब रहने की संभावना है. कुल्लू, शिमला, मंडी और कांगड़ा समेत कई जिलों में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी किया गया है. तापमान में गिरावट से ठंडक बढ़ गई है.

जम्मू-कश्मीर में बर्फीली हवाएं और हिमस्खलन का खतरा

जम्मू-कश्मीर में पिछले कुछ दिनों से मौसम खराब बना हुआ है. बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों तक बर्फीली हवाएं चलने और बारिश जारी रहने की चेतावनी दी है. इसके साथ ही जोजिला दर्रे सहित कई इलाकों में हिमस्खलन का खतरा भी जताया गया है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

झारखंड और पूर्वोत्तर में तेज आंधी-तूफान

झारखंड में भी मौसम ने करवट ली है. अधिकांश जिलों में तेज हवाओं, बिजली गिरने और ओलावृष्टि के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. गढ़वा, पलामू और लातेहार को छोड़कर बाकी जिलों में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं पूर्वोत्तर के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश और तूफान का खतरा बना रहेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 28 Mar, 2026 | 07:00 AM
ज्ञान का सम्मान क्विज

किस फसल को सफेद सोना कहा जाता है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
गेहूं को फसलों का राजा कहा जाता है.
विजेताओं के नाम
नसीम अंसारी, देवघर, झारखंड.
रमेश साहू, रायपुर, छत्तीसगढ़

लेटेस्ट न्यूज़