आज का मौसम: दिल्ली-UP से बिहार तक भारी बारिश की चेतावनी, ओडिशा में IMD का रेड अलर्ट

IMD Weather Alert: आज 18 अगस्त को देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में बारिश के आसार हैं, जबकि पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी है. ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 18 Aug, 2026 | 07:16 AM

IMD Weather Update: देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 18 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. वहीं पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और पूर्वोत्तर में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है. ओडिशा में स्थिति ज्यादा गंभीर बनी हुई है, जहां भारी बारिश और बाढ़ के खतरे को देखते हुए कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है.

मौसम में इस बदलाव की बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में बना मौसम सिस्टम है. उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव अब डिप्रेशन यानी अवदाब में बदल गया है. इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-उत्तर-पश्चिम और फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने की संभावना है. इसका असर गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार तक देखने को मिल सकता है.

दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, हल्की बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. सुबह से दोपहर के बीच कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा कम रहने का अनुमान है. इस दौरान हवा चलने से मौसम सुहावना बना रह सकता है.

यूपी में अगले पांच दिन बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश में मॉनसून सक्रिय रहने वाला है. 18 से 22 अगस्त के बीच उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. आज पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. 19 और 20 अगस्त को भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है. वहीं 21 और 22 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है.

बिहार में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं

बिहार में आज कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. भारी बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की स्थिति बन सकती है. आकाशीय बिजली को लेकर भी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.

राजस्थान में छिटपुट बारिश, आगे बढ़ेगी गतिविधि

राजस्थान में आज मौसम मिला-जुला रहने की संभावना है. राज्य के कई इलाकों में हल्की बारिश के कुछ दौर देखने को मिल सकते हैं. पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है. आज भारी बारिश को लेकर कोई बड़ा अलर्ट नहीं है. हालांकि, 20 से 22 अगस्त के बीच पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना है.

पहाड़ों में भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी आज मॉनसून सक्रिय रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं, उत्तराखंड में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 18 और 19 अगस्त को कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है. ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों और वहां यात्रा करने वालों को मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है.

ओडिशा में बाढ़ का खतरा, कई जिलों में अलर्ट

ओडिशा में भारी बारिश के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. लगातार बारिश और नदियों का जलस्तर बढ़ने से करीब पांच लाख लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं. डिप्रेशन के असर से आज भी बारिश जारी रहने का अनुमान है.बालासोर, क्योंझर और मयूरभंज में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है. भद्रक, जाजपुर, केंद्रापड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल और ढेंकनाल में ऑरेंज अलर्ट है. वहीं बरगढ़, सोनपुर, बौध, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है.

पूर्वोत्तर में भी बारिश का दौर जारी

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 से 23 अगस्त तक बारिश जारी रहने की संभावना है. कई जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश में आज और आने वाले दिनों में गरज-चमक व बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं. असम, मेघालय और अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में भी 18 से 21 अगस्त के बीच आकाशीय बिजली के साथ बारिश का अनुमान है. कुल मिलाकर आज देश के कई हिस्सों में मॉनसून सक्रिय रहेगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 18 Aug, 2026 | 07:14 AM

लेटेस्ट न्यूज़