अचानक सस्ती हुईं सब्जियां! होलसेल रेट में 35 फीसदी तक गिरावट.. मंडी नहीं पहुंच पा रहे ग्राहक

मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से वाशी एपीएमसी में सब्जियों की मांग घट गई है, जिससे थोक कीमतों में 35 फीसदी तक गिरावट आई है. जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण ग्राहक व व्यापारी बाजार नहीं पहुंच पा रहे हैं. मांग कमजोर होने से लौकी, तुरई, भिंडी और शिमला मिर्च समेत कई सब्जियों के दाम घट गए हैं.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 4 Jul, 2026 | 03:46 PM

Vegetable Prices Fall: मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर सब्जियों के बाजार पर भी देखने को मिल रहा है. जलभराव और ट्रैफिक जाम के कारण कई छोटे व्यापारी और ग्राहक वाशी एपीएमसी थोक बाजार तक नहीं पहुंच पा रहे हैं. इससे सब्जियों की मांग में कमी आई है और थोक कीमतों में 35 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई है. तुरई का भाव 70-80 रुपये से घटकर 50 रुपये प्रति किलो हो गया है. हालांकि, बारिश से पहले तक हरी सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी.

कहा जा रहा है कि मांग कमजोर पड़ने के कारण व्यापारियों को सब्जियां खराब होने से बचाने के लिए कम कीमत पर बेचनी पड़ रही हैं. इसके चलते कई प्रमुख सब्जियों के भाव में तेज गिरावट आई है. हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम सामान्य होने और मांग बढ़ने पर कीमतों में फिर बदलाव आ सकता है. न्यूज बेवसाइट इंडिया डॉट कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक, फिलहाल, लौकी के दाम  55-65 रुपये प्रति किलो से घटकर 40 रुपये रह गए हैं. वहीं, तुरई का भाव 70-80 रुपये से घटकर 50 रुपये प्रति किलो हो गया है. खास बात यह है कि शिमला मिर्च, जो पहले 85-95 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, अब 60 रुपये प्रति किलो के आसपास बिक रही है. व्यापारियों का कहना है कि मांग कमजोर रहने और सब्जियों के खराब होने के डर से उन्हें कम कीमत पर बिक्री करनी पड़ रही है.

बाजार में सब्जियों की आवक घट गई

लगातार तीसरे दिन हुई मूसलाधार बारिश के कारण राज्य के सबसे बड़े थोक फल एवं सब्जी बाजार वाशी एपीएमसी में कारोबार प्रभावित रहा. खराब मौसम की वजह से बाजार में सब्जियों की आवक भी घटकर करीब 300 वाहनों तक रह गई, जबकि सप्ताह की शुरुआत में यह संख्या 550 वाहनों के आसपास थी. मांग कमजोर रहने के कारण 25 से 30 फीसदी सब्जियां बिक नहीं सकीं.

भिंडी 40 रुपये प्रति किलो बिक रही है

वाशी एपीएमसी के व्यापारी सद्दाम राज के अनुसार, मुंबई महानगर क्षेत्र के कई इलाकों में जलभराव  होने से खुदरा विक्रेता और ग्राहक बाजार नहीं पहुंच पाए. इससे सब्जियों की मांग में तेज गिरावट आई और बड़ी मात्रा में उपज बिना बिके रह गई. वहीं, नुकसान से बचने के लिए व्यापारियों को मजबूरन सब्जियां कम कीमत पर बेचनी पड़ रही हैं. यही वजह है कि हाल के दिनों में कई सब्जियों के थोक भाव में बहुत अधिक गिरावट दर्ज की गई है. बैंगन का भाव 35-40 रुपये प्रति किलो से घटकर 25 रुपये रह गया है. इसी तरह भिंडी 55-60 रुपये से गिरकर 40 रुपये प्रति किलो बिक रही है, जबकि खीरा 45-50 रुपये से घटकर 32 रुपये प्रति किलो पर आ गया है.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 4 Jul, 2026 | 03:45 PM

लेटेस्ट न्यूज़