Banana Farming: पारंपरिक फसलों के साथ अब किसान ऐसी खेती की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं, जिनसे कम समय में अधिक आमदनी प्राप्त की जा सके. केले की खेती भी किसानों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है. हालांकि, बेहतर उत्पादन के लिए शुरुआत से ही वैज्ञानिक तकनीकों और सही प्रबंधन का पालन करना जरूरी है. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, केले की खेती में छोटी-छोटी गलतियां उत्पादन और मुनाफे को प्रभावित कर सकती हैं. इसलिए किसान खेत की तैयारी, मिट्टी की जांच, पौधों की दूरी और सिंचाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देकर अच्छी पैदावार प्राप्त कर सकते हैं.
पौधरोपण से पहले मिट्टी जांच और जैविक खाद जरूरी
कृषि विशेषज्ञ के अनुसार, केले की खेती शुरू करने से कम से कम 6 महीने पहले खेत की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए. सबसे पहले मिट्टी की जांच कराना बेहद जरूरी है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि खेत केले की खेती के लिए कितना उपयुक्त है. मिट्टी परीक्षण के दौरान नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, कार्बन और अन्य जरूरी पोषक तत्वों की स्थिति की जानकारी मिलती है. इसके आधार पर किसान खेत में सही मात्रा में पोषक तत्वों का उपयोग कर सकते हैं. विशेषज्ञों की सलाह है कि केले की खेती में अधिक से अधिक जैविक खाद, गोबर की खाद और वर्मी कम्पोस्ट का इस्तेमाल करना चाहिए. इससे मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और पौधों का विकास बेहतर तरीके से होता है.
पौधों के बीच सही दूरी रखने से बढ़ेगा उत्पादन
केले की खेती में पौधों की दूरी का भी बहुत महत्व होता है. कई बार किसान अधिक पौधे लगाने के चक्कर में उन्हें बहुत पास-पास लगा देते हैं, जिससे पौधों को पर्याप्त जगह और पोषण नहीं मिल पाता. कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, केले के पौधों के बीच लगभग 4 से 5 मीटर की दूरी रखना बेहतर माना जाता है. इससे पौधों को पर्याप्त धूप, हवा और पोषक तत्व मिलते हैं. सही दूरी पर लगाए गए पौधों में विकास अच्छा होता है और उत्पादन बढ़ने की संभावना रहती है.
समय पर सिंचाई और वैज्ञानिक देखभाल से मिलेगा फायदा
केले की फसल को पानी की नियमित जरूरत होती है, खासकर गर्मी के मौसम में. विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मियों में खेत की स्थिति के अनुसार समय-समय पर सिंचाई करनी चाहिए. पर्याप्त नमी बनाए रखने से पौधों की बढ़वार अच्छी होती है और फल की गुणवत्ता में सुधार आता है. इसके अलावा किसानों को केले की फसल में लगने वाले रोगों की पहचान और बचाव के उपायों की जानकारी भी रखनी चाहिए. समय पर देखभाल करने से फसल को नुकसान से बचाया जा सकता है.
कृषि विशेषज्ञ प्रमोद कुमार के अनुसार, केले की खेती किसानों के लिए अच्छी आय का माध्यम बन सकती है. सरकार की ओर से भी बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की जाती हैं. यदि किसान वैज्ञानिक तकनीक, सही प्रबंधन और बेहतर खेती पद्धति अपनाते हैं तो केले की खेती से कम लागत में अच्छा मुनाफा हासिल किया जा सकता है.