बिना खर्च गन्ना खेती का मौका! गया में किसानों को मुफ्त बीज, 150 एकड़ का बड़ा लक्ष्य

बिहार के गया जिले के किसानों के लिए अच्छी खबर है. सरकार गन्ने की खेती बढ़ाने के लिए मुफ्त बीज दे रही है. इससे किसानों का खर्च कम होगा और आमदनी बढ़ाने का मौका मिलेगा. इच्छुक किसानों को ऑनलाइन आवेदन करना होगा. यह पहल खेती को मजबूत बनाने और भविष्य में बेहतर उत्पादन सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया कदम है.

Saurabh Sharma
नोएडा | Published: 22 Feb, 2026 | 11:30 PM

Sugarcane Farming: अगर खेती की शुरुआत में ही बीज का खर्च बच जाए तो किसान का हौसला अपने आप बढ़ जाता है. अब ऐसा ही मौका मिल रहा है गया के किसानों को. यहां नई चीनी मिल लगाने की तैयारी से पहले बिहार सरकार गन्ने की खेती का रकबा बढ़ाने में जुटी है. किसानों को 5 एकड़ तक गन्ना बोने के लिए मुफ्त बीज दिया जा रहा है. इसका मकसद साफ है-ज्यादा उत्पादन, ज्यादा कमाई और स्थानीय उद्योग को मजबूती.

150 एकड़ खेती का लक्ष्य, 85 एकड़ पूरा

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, बिहार के गया जिले में इस साल 150 एकड़ में गन्ने की खेती  कराने का लक्ष्य रखा गया है. अच्छी बात यह है कि अब तक करीब 85 एकड़ का लक्ष्य पूरा भी किया जा चुका है. बाकी क्षेत्र के लिए किसानों से लगातार आवेदन मांगे जा रहे हैं. फिलहाल जिले में लगभग 95 हेक्टेयर में मुख्य गन्ना फसल और करीब 20 हेक्टेयर में खूंटी गन्ना की खेती हो रही है. विभाग चाहता है कि यह रकबा और बढ़े, ताकि भविष्य में चीनी मिलों  को कच्चे माल की कमी न हो. अधिकारी गांव-गांव जाकर किसानों को गन्ना खेती के फायदे बता रहे हैं और उन्हें इस योजना से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं.

क्यों दिया जा रहा है मुफ्त गन्ना बीज

कई इलाकों में गन्ने की खेती कम हो गई थी. कुछ चीनी मिलों के बंद होने से भी किसानों का रुझान घटा था. अब सरकार चाहती है कि फिर से गन्ना उत्पादन  बढ़े. इसीलिए किसानों को 16 अलग-अलग किस्मों का गन्ना बीज मुफ्त दिया जा रहा है. लक्ष्य यह है कि चीनी मिल क्षेत्र में 30 प्रतिशत और गैर-चीनी मिल क्षेत्र में 70 प्रतिशत इकाइयों को बढ़ावा दिया जाए. सरकार का मानना है कि गन्ने की खेती बढ़ने से गुड़ उद्योग और अन्य छोटे कारोबार भी मजबूत होंगे, जिससे किसानों को स्थायी आमदनी का रास्ता मिलेगा.

आवेदन कैसे करें

मुफ्त बीज लेने के लिए किसानों को केन केयर पोर्टल https://ccs.bihar.gov.in/ पर आवेदन करना होगा. आवेदन की प्रक्रिया आसान रखी गई है, ताकि ज्यादा से ज्यादा किसान इसका लाभ उठा सकें. इच्छुक किसान दिए गए ऑनलाइन लिंक के जरिए आवेदन कर सकते हैं. इसके अलावा गन्ना विभाग के कार्यालय में संपर्क कर भी जानकारी ली जा सकती है. योजना के तहत 5 एकड़ तक गन्ने की खेती के लिए बीज दिया जाएगा. इससे किसानों का शुरुआती खर्च कम होगा और वे बिना ज्यादा जोखिम के इस फसल को अपना सकेंगे. गन्ना एक नकदी फसल है, जिससे किसानों को एकमुश्त अच्छी रकम मिलती है. अगर सही समय पर बोआई और देखभाल की जाए तो उत्पादन भी अच्छा होता है. मुफ्त बीज मिलने से किसान नई शुरुआत कर सकते हैं. खेती का रकबा बढ़ेगा तो चीनी मिल और गुड़ उद्योग को भी फायदा होगा.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 22 Feb, 2026 | 11:30 PM

आम में सबसे ज्यादा पाया जाने वाला विटामिन कौन सा है?