तेलंगाना सरकार ने धान की 9 चिन्हित किस्मों की खेती करने वाले किसानों के लिए रजिस्ट्रेशन जरूरी कर दिया है. अब किसानों को कृषि विस्तार अधिकारियों (AEO) के पास अपना पंजीकरण कराना होगा. कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने अधिकारियों को रायथु वेदिकाओं के जरिए किसानों को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं. वहीं, अब राज्य में नकली खाद बेचने वालों पर अब सख्त कार्रवाई होगी. खास बात यह है कि नकली डीएपी खाद के मामले में अधिकारियों ने मंत्री को कहा कि 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं और इनमें से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदेश के कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने नकली डीएपी बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं छोड़ा जाना चाहिए. अधिकारियों को नकली डीएपी की कितनी मात्रा बेची गई, इसका पता लगाने और प्रभावित किसानों की पहचान करने को कहा गया है. दोषियों से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई कराने के निर्देश भी दिए गए हैं. साथ ही मंत्री ने समान काम करने वाले विभिन्न विभागों, निगमों और समितियों को एक ही व्यवस्था के तहत लाने की संभावनाएं तलाशने को भी कहा.
धान उत्पादक जिलों में बनेंगे मार्कफेड के गोदाम
तेलंगाना के कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने अधिकारियों को किसान कल्याण योजनाओं और कृषि सेवाओं में किसी भी तरह की देरी नहीं करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कमी को सेवाएं देने या योजनाओं को लागू करने में देरी का कारण नहीं बनाया जाना चाहिए. मंत्री ने राज्य के लिए उपलब्ध केंद्रीय फंड का पूरी तरह इस्तेमाल करने को भी कहा. उन्होंने प्रमुख धान उत्पादक जिलों में मार्कफेड के गोदाम बनाने का पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने का सुझाव दिया. इन गोदामों की कुल स्वीकृत क्षमता 65,000 मीट्रिक टन होगी.
तेलंगाना को जल्द मिलेगी आरकेवीवाई की दूसरी किस्त
तुम्मला नागेश्वर राव ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लिया. इस दौरान चौहान ने तेलंगाना में राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (RKVY) और एफएफएस ऐप के इस्तेमाल की सराहना की. तुम्मला ने आरकेवीवाई की दूसरी किस्त जल्द जारी करने की मांग की. केंद्रीय मंत्री ने भरोसा दिया कि यह राशि जल्द जारी की जाएगी. तेलंगाना सरकार ने राज्य में पैदा होने वाली दालों की 100 फीसदी खरीद और मक्का समेत अन्य फसलों के लिए विशेष खरीद सहायता की भी मांग की.
किसानों को मशीनें देने में देरी न करने के निर्देश
मंत्री ने गुरुवार को कृषि विभाग से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने राज्य में मौजूदा फसल स्थिति की जानकारी ली और किसान कल्याण योजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए. उन्होंने कृषि मशीनीकरण योजना की भी समीक्षा की और किसानों को सब्सिडी पर अब तक दी गई कृषि मशीनों की संख्या की जानकारी मांगी. मंत्री ने कहा कि किसानों को मशीनें देने में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए. इसके लिए जरूरत पड़ने पर विभागों में खाली पदों को भरा जाए या दूसरे विभागों के कर्मचारियों को यहां तैनात किया जाए.