Dairy Alert: पशुओं को मई-जून में 3 टीके जरूर लगवाएं, खतरे से बच जाएगा आपका पशुबाड़ा

Dairy Farming Alert: मई-जून का समय पशुओं को बरसात से पहले बीमारियों से बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है. इस दौरान मुंहपका-खुरपका (FMD), गलघोटू (HS), PPR और ET जैसी बीमारियों से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण जरूरी है. साथ ही साफ-सफाई और सही देखभाल से पशुओं को स्वस्थ रखा जा सकता है, जिससे उत्पादन और आय दोनों सुरक्षित रहते है

Isha Gupta
नोएडा | Updated On: 6 May, 2026 | 01:47 PM

May-June Dairy Care: मई-जून का महीना पशुपालकों के लिए बेहद अहम होता है, खासकर उन लोगों के लिए जो दुधारू पशु और बकरी पालन करते हैं. यह वह समय है जब आने वाली बरसात से पहले पशुओं की सेहत को मजबूत बनाने की तैयारी करनी चाहिए. पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम के अनुसार, बारिश के मौसम में बढ़ती नमी और गंदगी के कारण संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है, जिससे पशु गंभीर बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं. ऐसे में समय रहते टीकाकरण और देखभाल ही सबसे बड़ा बचाव है.

क्यों जरूरी है इस समय खास देखभाल?

बरसात के मौसम में बैक्टीरिया और वायरस तेजी से फैलते हैं. गीली और गंदी जगहों पर रहने से पशुओं में संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है. इसका सीधा असर उनके स्वास्थ्य और दूध उत्पादन पर पड़ता है. कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि पशु की जान तक जा सकती है. इसलिए विशेषज्ञ मई-जून में ही पशुओं को बीमारियों से बचाने के लिए जरूरी कदम उठाने की सलाह देते हैं.

पशु चिकित्सकों की क्या है राय?

पशु चिकित्सक कुंवर घनश्याम के अनुसार, आज लगभग हर बड़ी बीमारी के लिए प्रभावी टीके उपलब्ध हैं. ये टीके न केवल सस्ते होते हैं, बल्कि पशुओं को लंबे समय तक सुरक्षित भी रखते हैं. सही समय पर टीकाकरण कराने से बीमारी का खतरा काफी हद तक कम किया जा सकता है.

मुंहपका-खुरपका (FMD): सबसे तेजी से फैलने वाली बीमारी

मुंहपका-खुरपका, जिसे गांवों में ‘खोरया’ भी कहा जाता है, पशुओं के लिए बेहद खतरनाक बीमारी है. यह तेजी से एक पशु से दूसरे में फैलती है. इसमें मुंह और खुर में छाले पड़ जाते हैं साथ ही बुखार आता है और पशु खाना-पीना छोड़ देता है. इससे बचाव के लिए हर 6 महीने में FMD का टीका लगवाना जरूरी है, खासकर मई-जून में.

गलघोटू (HS): अचानक जानलेवा बन सकती है

गलघोटू बीमारी पशुओं के लिए एक गंभीर और जानलेवा खतरा मानी जाती है, जिसमें पशु को तेज बुखार आना, सांस लेने में परेशानी होना, गले में सूजन और लगातार हांफने जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. कई मामलों में यह बीमारी अचानक मौत का कारण भी बन जाती है, जिससे पशुपालकों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है. इसलिए इस बीमारी से बचाव के लिए समय पर सावधानी बेहद जरूरी है. साल में एक बार HS (हेमरेजिक सेप्टीसीमिया) का टीका जरूर लगवाना चाहिए और इसका सबसे सही समय बरसात शुरू होने से पहले का होता है.

बकरियों के लिए खास खतरा: PPR और ET

बकरी पालन करने वालों के लिए यह समय विशेष सतर्कता बरतने का होता है, क्योंकि इस दौरान कई खतरनाक बीमारियां तेजी से फैल सकती हैं. पीआर (पीपीआर) एक गंभीर संक्रामक बीमारी है, जिसमें बुखार, दस्त, कमजोरी, नाक और आंख से पानी आना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं और यह बहुत तेजी से एक बकरी से दूसरी में फैल जाती है. अगर समय रहते नियंत्रण न किया जाए तो भारी नुकसान हो सकता है. इसलिए इससे बचाव के लिए साल में एक बार टीकाकरण कराना बेहद जरूरी है.

वहीं एंटरोटॉक्सिमिया (ET) भी एक खतरनाक बीमारी है, जिसमें पाचन तंत्र प्रभावित होता है और कई बार अचानक मौत का खतरा बन जाता है. इस बीमारी से बचाव के लिए भी नियमित अंतराल पर टीकाकरण कराना जरूरी है, ताकि बकरियों को स्वस्थ और सुरक्षित रखा जा सके.

पशु प्रबंधन के जरूरी टिप्स

  • पशुओं को साफ और सूखी जगह पर रखें
  • बाड़े की नियमित सफाई करें
  • गंदे पानी और कीचड़ से बचाएं
  • संतुलित आहार और साफ पानी दें

मई-जून का समय पशुओं के लिए एक तरह से सुरक्षा कवच तैयार करने का मौका है. अगर इस दौरान सही देखभाल और समय पर टीकाकरण कर लिया जाए, तो बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से काफी हद तक बचा जा सकता है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 6 May, 2026 | 01:37 PM
ज्ञान का सम्मान क्विज

खरीफ सीजन में सबसे ज्यादा उगाई जाने वाली फसल कौन सी है?

सवाल का दीजिए सही जवाब और जीतिए ₹1000 का इनाम! 🏆
पिछले Quiz का सही जवाब
2585 रुपये प्रति क्विंटल
विजेताओं के नाम
रंजीत महतो- विष्णुपुर, हजारीबाग, झारखंड

लेटेस्ट न्यूज़