Punjab Budget 2026: पंजाब के डेयरी किसानों के लिए इस बार का बजट उम्मीद की नई खबर लेकर आया है. राज्य के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने विधानसभा में 2026-27 का बजट पेश करते हुए डेयरी सेक्टर को मजबूत बनाने की घोषणा की. सरकार ने डेयरी किसानों से उचित मूल्य पर दूध खरीद सुनिश्चित करने के लिए 100 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया है. इससे दूध उत्पादकों को बेहतर कीमत मिलने और डेयरी कारोबार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.
डेयरी किसानों को मिलेगा दूध का उचित दाम
पंजाब में बड़ी संख्या में किसान खेती के साथ-साथ डेयरी व्यवसाय से भी जुड़े हुए हैं. कई ग्रामीण परिवारों की आय का मुख्य जरिया दूध उत्पादन ही है. लेकिन कई बार बाजार में दूध का दाम कम मिलने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ता है. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए पंजाब सरकार ने बजट में 100 करोड़ रुपये की व्यवस्था की है. इस फंड का उद्देश्य डेयरी किसानों से दूध की खरीद उचित कीमत पर सुनिश्चित करना है. सरकार का मानना है कि जब किसानों को उनके दूध का सही दाम मिलेगा तो वे डेयरी व्यवसाय को और बढ़ाने के लिए प्रेरित होंगे. इससे दूध उत्पादन भी बढ़ेगा और किसानों की आय में सुधार होगा.
खेती और किसानों पर सरकार का खास फोकस
वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बजट पेश करते हुए कहा कि किसान और खेती पंजाब सरकार की प्राथमिकता में हैं. उन्होंने बताया कि पंजाब की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार खेती है और सरकार इस क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है. वर्ष 2026-27 के लिए कृषि क्षेत्र को 15,377 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है. यह राशि पिछले साल की तुलना में करीब 6 प्रतिशत अधिक है. सरकार का कहना है कि खेती के साथ-साथ पशुपालन और डेयरी जैसे क्षेत्रों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि किसानों की आय के नए रास्ते खुल सकें.
- पशुपालकों के लिए रोजगार का नया मौका, केवल दूध ही नहीं ऊंट के आंसुओं से भी होगी कमाई
- बरसात में खतरनाक बीमारी का कहर, नहीं कराया टीकाकरण तो खत्म हो जाएगा सब
- पशुपालक इन दवाओं का ना करें इस्तेमाल, नहीं तो देना पड़ सकता है भारी जुर्माना
- 2000 रुपये किलो बिकती है यह मछली, तालाब में करें पालन और पाएं भारी लाभ
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश
पंजाब के गांवों में डेयरी सेक्टर ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा है. कई छोटे और सीमांत किसान दूध उत्पादन के जरिए रोजाना कमाई करते हैं. सरकार का मानना है कि अगर डेयरी सेक्टर को मजबूत किया जाए तो ग्रामीण इलाकों में रोजगार और आय दोनों बढ़ सकते हैं. यही वजह है कि इस बार के बजट में डेयरी किसानों के हितों पर विशेष ध्यान दिया गया है. सरकार सहकारी डेयरी संस्थाओं को भी मजबूत करने की योजना बना रही है, ताकि दूध की खरीद और भुगतान की प्रक्रिया किसानों के लिए आसान और पारदर्शी बन सके.
2.60 लाख करोड़ रुपये का बजट
पंजाब सरकार ने 2026-27 के लिए कुल 2,60,437 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है. वित्त मंत्री ने कहा कि सरकार ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. इस बजट में खेती, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास जैसे कई क्षेत्रों के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है. खासतौर पर खेती और उससे जुड़े क्षेत्रों को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया है. सरकार का मानना है कि अगर खेती और डेयरी जैसे क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी, तो राज्य की अर्थव्यवस्था भी तेजी से आगे बढ़ेगी.