Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के सागर जिले के किसान अब अपनी उपज को आसानी से बेच पाएंगे. क्योंकि अब जिले की मंडियों को अपग्रेट किया जाएगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि रहली और गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडियों को आधुनिक बनाने के लिए 5-5 करोड़ रुपए और शाहपुर उपमंडी के विकास के लिए 1 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं. इससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज का सही दाम और बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सागर जिले के रहली क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए फूड पार्क स्थापित किया जाएगा. इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे.
ये बातें उन्होंने गढ़ाकोटा में रहस मेले के शुभारंभ और सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत राशि वितरण समारोह में कही. उन्होंने बुंदेलखंड की वीरों वाली धरती और सागर जिले के ऐतिहासिक रहस मेले का भी जिक्र किया. साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुंदेलखंड में बीड़ी, तेंदूपत्ता और हस्तकला पर आधारित लघु उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा. उनके मुताबिक, बीड़ी उद्योग और तेंदूपत्ता संग्रहण सिर्फ व्यापार नहीं हैं, बल्कि लाखों परिवारों की आजीविका का जरिया हैं. उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक और स्थानीय प्रतिनिधियों की कमेटी इन लोगों के विकास के लिए निर्णय के अनुसार काम करेगी. सरकार को उम्मीद है कि मंडियों के अपग्रेट होने से किसानों की कमाई में बढ़ोतरी होगी.
हितग्राहियों के खाते में 196.72 करोड़ की राशि ट्रांसफर की
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित करने के लिए संकल्पित है. रहली में सूक्ष्म औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए कमेटी गठित की जाए. यहां पारम्परिक बीड़ी उद्योग के साथ हस्त शिल्प कलाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा. इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना की माह जनवरी पेड इन फरवरी 2026 की राशि हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित की. इस पेंशन योजनाओं में प्रति हितग्राही प्रतिमाह 600 रूपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 32.78 लाख से अधिक हितग्राहियों के खाते में 196.72 करोड़ की राशि ट्रांसफर की.
पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाना पहली प्राथमिकता
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति में परमात्मा ने ऋतुओं और मौसम के साथ मेलों का अद्भुत संबंध बनाया है. जब धान और सोयाबीन कटे तो दीवाली और गेहूं की फसल आने पर होली मनाई जाती है. उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड की धरती पर आकर मन आनंदित हो जाता है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसान कल्याण वर्ष में कृषि आधारित व्यापार गतिविधियां बढ़ाने के लिए प्रयास जारी हैं, जिससे किसानों के जीवन में समृद्धि आएगी. राज्य सरकार पशुपालन और दूध उत्पादन बढ़ाने को प्राथमिकता दे रही है. बजट 2026-27 में नई यशोदा योजना की शुरुआत की गई है.
लाडली बहनों को हर माह 1500 रुपए की राशि मिल रही है
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब हमारे स्कूलों में 8वीं तक के विद्यार्थियों को ट्रेटा पैक दूध नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा. प्रदेश की बहनों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं. लाडली बहनों को हर माह 1500 रुपए की राशि मिल रही है. इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा के लिए सरकार के खजाने में कोई कमी नहीं है. राज्य सरकार सभी के कल्याण के लिए काम कर रही है.
किसान कल्याण के लिए एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रस्तावित
उन्होंने कहा कि किसान कल्याण के लिए इस साल बजट में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक राशि प्रस्तावित है. उन्होंने कहा कि रहली क्षेत्र के विद्यार्थियों को भव्य सांदीपनि विद्यालय की सौगात मिली है. अब बच्चों को गणवेश, किताबें, साइकिलें नि:शुल्क वितरित की जा रही हैं. स्कूल टॉपर को स्कूटी दी जाती है. प्रदेश के सांदीपनि विद्यालय प्राइवेट स्कूलों को पीछे छोड़ रहे हैं.