summer plant care tips: आजकल शहरों में लोग अपने घर की बालकनी, छत या छोटे से कोने में पौधे लगाकर एक छोटा सा गार्डन बनाना पसंद करते हैं. यह न केवल घर की खूबसूरती बढ़ाता है, बल्कि वातावरण को भी ताजा और ठंडा बनाए रखता है. लेकिन जैसे-जैसे गर्मियों का मौसम शुरू होता है, पौधों की देखभाल करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है. तेज धूप, गर्म हवा और पानी की कमी के कारण पौधे जल्दी मुरझाने लगते हैं.
अगर सही तरीके से देखभाल की जाए तो गर्मियों में भी पौधे पूरी तरह हरे-भरे रह सकते हैं. थोड़ी सी सावधानी और सही जानकारी के साथ आप अपने बालकनी गार्डन को पूरे मौसम में ताजा और स्वस्थ रख सकते हैं.
सही समय पर पानी देना सबसे जरूरी
गर्मियों में पौधों को सबसे ज्यादा जरूरत पानी की होती है. तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण मिट्टी जल्दी सूख जाती है. ऐसे में पौधों को नियमित रूप से पानी देना जरूरी होता है.
सरकारी वेबसाइट ppqs.gov.in के अनुसार, , सुबह जल्दी या शाम के समय पौधों को पानी देना सबसे बेहतर होता है. दोपहर की तेज धूप में पानी देने से पौधों को फायदा कम और नुकसान ज्यादा हो सकता है. इसके अलावा गमलों की मिट्टी को सूखने न दें. अगर संभव हो तो मिट्टी के ऊपर सूखी पत्तियां या घास बिछा दें, इससे नमी लंबे समय तक बनी रहती है.
सही मिट्टी और पोषण भी है जरूरी
गर्मी के मौसम में पौधों को मजबूत बनाए रखने के लिए मिट्टी का सही होना बहुत जरूरी है. अच्छी और उपजाऊ मिट्टी पौधों की जड़ों को मजबूत बनाती है और उन्हें पोषण देती है. पौधों की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी में गोबर की खाद, वर्मी कम्पोस्ट या जैविक खाद मिलाना फायदेमंद होता है. महीने में एक बार लिक्विड फर्टिलाइजर देने से भी पौधों की बढ़त बेहतर होती है. इससे पौधों की पत्तियां हरी और ताजा बनी रहती हैं.
तेज धूप से बचाव करना भी जरूरी
जिला उद्यान अधिकारी बरेली डॉ. पुनीत कुमार ने किसान इंडिया को बताया कि गर्मी के मौसम में तेज धूप पौधों के लिए नुकसानदायक हो सकती है. कई बार लगातार तेज धूप पड़ने से पौधों की पत्तियां जल जाती हैं और वे सूखने लगते हैं. ऐसी स्थिति में गमलों को ऐसी जगह रखें जहां आधी धूप और आधी छाया मिल सके. अगर बालकनी में सीधी धूप आती है तो वहां ग्रीन नेट या पतले कपड़े की छाया भी लगाई जा सकती है. इससे पौधों को तेज धूप से बचाया जा सकता है.
पौधों की नियमित सफाई भी जरूरी
गर्मी के मौसम में पौधों की पत्तियों पर धूल जल्दी जम जाती है. इससे पौधों की बढ़त पर असर पड़ता है क्योंकि पत्तियां ठीक से सांस नहीं ले पातीं. इसलिए समय-समय पर पौधों की पत्तियों को हल्के पानी से साफ करना चाहिए. सूखी और खराब पत्तियों को काट देना भी जरूरी होता है, ताकि पौधे नई और स्वस्थ पत्तियां निकाल सकें.
सही गमलों का चुनाव भी महत्वपूर्ण
बालकनी गार्डन के लिए सही गमले का चुनाव भी काफी मायने रखता है. मिट्टी के गमले या ऐसे गमले जिनमें पानी निकलने का सही इंतजाम हो, वे पौधों के लिए बेहतर होते हैं. गर्मियों में प्लास्टिक के गमले जल्दी गर्म हो जाते हैं, जिससे जड़ों पर असर पड़ सकता है. इसलिए कोशिश करें कि पौधों को ऐसे गमलों में लगाएं जिनमें मिट्टी ठंडी बनी रहे.
पौधों को हवा और जगह भी दें
कई लोग बालकनी में बहुत सारे पौधे एक साथ रख देते हैं, जिससे हवा का सही प्रवाह नहीं हो पाता. इससे पौधे कमजोर हो सकते हैं. इसलिए पौधों को थोड़ा-थोड़ा अंतर देकर रखें ताकि हवा आसानी से चल सके. इससे पौधे स्वस्थ रहते हैं और बीमारियां भी कम लगती हैं.
छोटे-छोटे उपाय से गार्डन रहेगा हरा-भरा
अगर आप इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखते हैं तो गर्मियों में भी आपका बालकनी गार्डन खूबसूरत बना रह सकता है. सही समय पर पानी, अच्छी मिट्टी, हल्की छाया और नियमित देखभाल से पौधे पूरे मौसम में हरे-भरे रहते हैं. गर्मी चाहे कितनी भी तेज क्यों न हो, थोड़ी सी मेहनत और सही देखभाल से आपका छोटा सा बालकनी गार्डन हमेशा ताजगी और हरियाली से भरा रह सकता है.