Ladli Behna Yojana 38th Installment: मध्य प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिंड जिले के लहार से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की 38वीं किस्त जारी कर दी. इस बार 1.25 करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,875 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए. जुलाई महीने की किस्त मिलने के बाद महिलाओं का इंतजार खत्म हो गया है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों की सौगात भी दी और कई नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया.
1.25 करोड़ महिलाओं को मिली जुलाई की किस्त
मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना के तहत हर महीने पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता दी जाती है. 12 जुलाई को जारी 38वीं किस्त के तहत राज्य की 1.25 करोड़ महिलाओं के खातों में कुल 1,875 करोड़ रुपये भेजे गए. पिछली यानी 37वीं किस्त 14 जून को सागर जिले के केसली से जारी की गई थी. इस बार महिलाओं को तय समय से पहले ही राशि मिल गई, जिससे उन्हें घरेलू जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भिंड जिले के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का भी उद्घाटन किया. उन्होंने 238.96 करोड़ रुपये की लागत से तैयार लगभग 40 विकास कार्यों का लोकार्पण किया. इसके अलावा 83.33 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास भी किया गया.
ऐसे करें अपने खाते में पैसे आने की जांच
यदि किसी महिला को यह जानना है कि उसके खाते में योजना की राशि आई है या नहीं, तो वह आसानी से ऑनलाइन भुगतान की स्थिति देख सकती है. इसके लिए सबसे पहले मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. वहां ‘आवेदन एवं भुगतान की स्थिति’ विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद अपनी समग्र आईडी या रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें. मोबाइल पर आए OTP से सत्यापन करने के बाद भुगतान की पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी. इससे यह पता चल जाएगा कि किस्त खाते में जमा हुई है या नहीं.
- PM Kisan Yojana के लाभार्थियों को एडवांस में मिलेंगे 2000 रुपये, जानिए किस्त जारी करने के लिए मंत्रालय ने क्या कहा
- हल्दी, करौंदा की खेती पर सरकार दे रही 10 हजार रुपये, स्प्रिंकलर लगवाने पर 90 फीसदी सब्सिडी पाएं किसान
- यमुना और हिंडन की बाढ़ में अभी भी डूबे दर्जनों गांव, गन्ना में बीमारी लग रही.. गेहूं बुवाई में देरी की चिंता
नए आवेदन को लेकर अभी नहीं आया कोई फैसला
लाडली बहना योजना में नए आवेदन शुरू होने का इंतजार अभी भी जारी है. राज्य की कई महिलाएं लगातार यह जानना चाहती हैं कि नए फॉर्म कब भरे जाएंगे. फिलहाल सरकार की ओर से नए रजिस्ट्रेशन या ऑनलाइन आवेदन शुरू करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है. ऐसे में जो महिलाएं अभी तक योजना से नहीं जुड़ पाई हैं, उन्हें कुछ और समय इंतजार करना पड़ सकता है. सरकार की ओर से नई सूचना जारी होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी.
लाडली बहना योजना की सूची में ऐसे देखें अपना नाम
महिलाएं योजना की लाभार्थी सूची में अपना नाम भी ऑनलाइन देख सकती हैं. इसके लिए आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ‘अंतिम सूची’ विकल्प चुनें. इसके बाद अपना मोबाइल नंबर और कैप्चा कोड भरें. मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करते ही लाभार्थियों की सूची खुल जाएगी, जिसमें अपना नाम आसानी से देखा जा सकता है. सरकार का कहना है कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है. समय पर किस्त जारी होने से लाखों परिवारों को आर्थिक सहायता मिलती है और महिलाओं को अपने दैनिक खर्चों में सहारा मिलता है. वहीं, नए आवेदन को लेकर फिलहाल किसी आधिकारिक घोषणा का इंतजार बना हुआ है.