Eclipse Timing: हर साल फाल्गुन पूर्णिमा के दिन होलिका दहन किया जाता है, लेकिन इस बार तिथि, भद्रा और चंद्र ग्रहण को लेकर लोगों में काफी भ्रम बना हुआ है. कई लोग यह जानना चाहते हैं कि होलिका दहन कब होगा और चंद्र ग्रहण किस दिन दिखाई देगा. पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अनुसार इस साल पूर्ण चंद्र ग्रहण 3 मार्च 2026 को लगेगा. यह ग्रहण देश के सुदूर पश्चिमी हिस्सों के कुछ इलाकों को छोड़कर भारत के अधिकतर स्थानों से दिखाई देगा. ग्रहण शाम के समय दिखाई देगा. यह ग्रहण भारत के अलावा पूर्वी एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर और अमेरिका में भी देखा जा सकेगा.
कब से कब तक रहेगा चंद्र ग्रहण
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अनुसार चंद्र ग्रहण भारतीय समय के अनुसार शाम 3 बजकर 20 मिनट से शुरू होगा और शाम 6 बजकर 48 मिनट तक रहेगा. ग्रहण का पूरा चरण शाम 4 बजकर 34 मिनट से शुरू होकर शाम 5 बजकर 33 मिनट तक रहेगा. ग्रहण की तीव्रता 1.155 बताई गई है. भारत में उत्तर-पूर्व के कुछ इलाकों और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों को छोड़कर अधिकतर जगहों पर चंद्रोदय के समय ग्रहण दिखाई देगा. भारत के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग शम पर ग्रहण लगेगा.
- कुछ शहरों में ग्रहण देखने का समय अलग-अलग रहेगा.
- दिल्ली में शाम 6 बजकर 22 मिनट पर ग्रहण दिखाई देगा और लगभग 26 मिनट तक रहेगा.
- कोलकाता में शाम 5 बजकर 15 मिनट पर ग्रहण दिखाई देगा.
- चेन्नई, देहरादून और हरिद्वार में शाम 6 बजकर 17 मिनट पर ग्रहण देखा जा सकेगा.
कैसे लगता है चंद्र ग्रहण
चंद्र ग्रहण हमेशा पूर्णिमा के दिन ही लगता है. यह तब होता है जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और तीनों एक सीध में होते हैं. जब पूरा चंद्रमा पृथ्वी की छाया में आ जाता है तो उसे पूर्ण चंद्र ग्रहण कहा जाता है. और जब चंद्रमा का केवल कुछ हिस्सा छाया में आता है तो उसे आंशिक चंद्र ग्रहण कहा जाता है. भारत में इससे पहले 7 और 8 सितंबर 2025 को पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखाई दिया था. अब भारत में अगला चंद्र ग्रहण 6 जुलाई 2028 को दिखाई देगा, जो आंशिक चंद्र ग्रहण होगा.
कब किया जाएगा होलिका दहन
वैदिक पंचांग के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा तिथि 2 मार्च की शाम 5 बजकर 18 मिनट से शुरू होकर 3 मार्च की शाम 4 बजकर 33 मिनट तक रहेगी. धार्मिक परंपरा के अनुसार होलिका दहन 2 मार्च को किया जाएगा. होलिका दहन का शुभ समय रात 11 बजकर 53 मिनट से 12 बजकर 50 मिनट तक रहेगा. इस समय पूजा और होलिका जलाना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि सही समय पर किया गया होलिका दहन नकारात्मकता को दूर करता है और घर में सुख-समृद्धि लाता है.