Petrol price hike: देश में पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है. पेट्रोल की कीमतों में अचानक बढ़ोतरी ने लोगों की जेब पर सीधा असर डाला है. ताजा जानकारी के मुताबिक, प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में 2.30 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. यह नई कीमतें 20 मार्च 2026 की सुबह से लागू हो गई हैं. बताया जा रहा है कि तेल कंपनियों ने 19 मार्च की शाम को ही इस बदलाव की जानकारी दे दी थी और पेट्रोल पंपों पर मशीनों में खुद ही नई दरें अपडेट कर दी गईं.
किन लोगों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर उन उपभोक्ताओं पर पड़ेगा जो हाई-ऑक्टेन या प्रीमियम पेट्रोल का इस्तेमाल करते हैं. आम पेट्रोल की तुलना में प्रीमियम पेट्रोल महंगा होता है और इसे खासतौर पर बेहतर इंजन परफॉर्मेंस और माइलेज के लिए इस्तेमाल किया जाता है.
आज के समय में कई नई गाड़ियां और हाई-एंड बाइक प्रीमियम पेट्रोल पर निर्भर होती हैं. ऐसे में इन वाहनों के मालिकों के लिए यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर खर्च बढ़ाने वाली साबित होगी. रोजाना आने-जाने वाले लोगों के लिए यह अतिरिक्त बोझ धीरे-धीरे बड़ा खर्च बन सकता है.
आखिर क्यों बढ़े पेट्रोल के दाम
तेल के दाम बढ़ने के पीछे अंतरराष्ट्रीय हालात जिम्मेदार हैं. ईरान और अमेरिका के बीच चल रहे तनाव और युद्ध जैसे हालात ने वैश्विक तेल बाजार को प्रभावित किया है. कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और सप्लाई चेन में बाधाएं आने से पेट्रोल की कीमतें बढ़ रही हैं. इसके अलावा लॉजिस्टिक्स यानी परिवहन लागत भी बढ़ी है, जिसका असर सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंच रहा है.
दूसरे देशों में भी महंगा हुआ पेट्रोल
भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है. उदाहरण के तौर पर वियतनाम में हाल ही में पेट्रोल की कीमतों में 20 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी की गई है.
वहां 95-ऑक्टेन गैसोलीन की कीमत बढ़कर 30,690 वियतनामी डोंग (करीब 1.20 डॉलर प्रति लीटर) हो गई है. वहीं डीजल की कीमत में लगभग 34 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे इसकी कीमत 33,420 डोंग तक पहुंच गई है.
वहीं अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स के अनुसार, दुनिया के कम से कम 85 देशों में ईंधन की कीमतें बढ़ चुकी हैं. कई देशों में यह बढ़ोतरी 15 फीसदी से लेकर 50 फीसदी तक पहुंच गई है, जिससे लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ रहा है.
यह बढ़ोतरी भी पश्चिम एशिया में जारी तनाव और तेल आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता की वजह से हुई है. इससे साफ है कि वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट का असर हर देश पर पड़ रहा है.
आगे क्या हो सकते हैं हालात
अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह अस्थिर बनी रहती हैं, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल के दाम और बढ़ सकते हैं. इसका असर केवल परिवहन पर ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की चीजों की कीमतों पर भी पड़ सकता है.
आम लोगों के लिए बढ़ती चुनौती
एक तरफ रसोई गैस की किल्लत और दूसरी तरफ पेट्रोल की बढ़ती कीमतें इन दोनों ने मिलकर आम आदमी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. महंगाई के इस दौर में हर छोटी बढ़ोतरी भी बड़ा असर डालती है. ऐसे में लोगों को अब अपने खर्चों को लेकर और ज्यादा सावधानी बरतनी होगी.