होली से पहले बदलेगा मौसम का मिजाज, कई राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

Today Weather: मौसम विभाग ने 2 और 3 मार्च को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है, जिसमें उत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. वहीं पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी तेजी से बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.

Kisan India
नई दिल्ली | Published: 2 Mar, 2026 | 07:00 AM

Today Weather: देशभर में होली की तैयारियां जोरों पर हैं. बाजारों में रंग-गुलाल सजे हैं और लोग त्योहार का इंतजार कर रहे हैं. लेकिन इस बार मौसम होली के मजे में थोड़ा खलल डाल सकता है. मौसम विभाग ने 2 और 3 मार्च को लेकर ताजा अपडेट जारी किया है, जिसमें उत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है. वहीं पश्चिम और मध्य भारत के कई हिस्सों में गर्मी तेजी से बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं.

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक होली से ठीक पहले यानी अगले 48 घंटों में मौसम का मिजाज बदल सकता है. कुछ जगहों पर धूल भरी आंधी और हल्की से मध्यम बारिश लोगों को परेशान कर सकती है.

उत्तर भारत के चार राज्यों में बारिश

मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 और 3 मार्च के दौरान पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है. बारिश होने से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. हालांकि यह गिरावट अस्थायी होगी. इसके बाद फिर से गर्मी बढ़ने लगेगी.

उत्तर प्रदेश के कई शहरों जैसे आगरा, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा और बागपत में दिन का तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इससे दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि बारिश के समय मौसम अचानक ठंडा हो सकता है.

पश्चिमी हिमालय में नया पश्चिमी विक्षोभ

4 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके असर से जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है.

श्रीनगर में अधिकतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 2 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है. वहीं मनाली जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान शून्य से नीचे जा सकता है.

दिल्ली में बढ़ेगी गर्मी, बारिश के आसार कम

राजधानी दिल्ली में 2 मार्च से तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है. दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 17 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

दिन में तेज हवा चल सकती है, जिससे धूल उड़ने की आशंका है. फिलहाल दिल्ली में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है, लेकिन मौसम में हल्का बदलाव महसूस किया जा सकता है.

बिहार और मध्य भारत में चढ़ेगा पारा

बिहार में होली के दौरान मौसम साफ रहने की उम्मीद है. हालांकि गर्मी धीरे-धीरे बढ़ रही है. पटना, भागलपुर और बक्सर जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

मध्य प्रदेश में भी मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन दिन का तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. ग्वालियर, विदिशा और मुरैना जैसे इलाकों में दोपहर के समय गर्मी अधिक महसूस होगी.

राजस्थान और गुजरात में गर्म और शुष्क मौसम

राजस्थान में 2 मार्च को मौसम साफ रहेगा. जयपुर, जोधपुर और अजमेर में तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. होली के दिन हल्की हवा चल सकती है, जिसकी रफ्तार 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है.

गुजरात और कोंकण-गोवा क्षेत्र में 4 से 7 मार्च के बीच गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है. यहां दिन का तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

मार्च के मध्य से लू चलने के संकेत

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि 15 मार्च के बाद उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में लू चल सकती है. अगर तापमान इसी तरह बढ़ता रहा तो इस बार गर्मी जल्दी दस्तक दे सकती है.

पिछले 24 घंटों में हिमाचल, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है. इससे साफ है कि मौसम तेजी से बदल रहा है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 2 Mar, 2026 | 07:00 AM

खीरे की फसल के लिए किस प्रकार की मिट्टी सबसे अच्छी मानी जाती है?