Today Weather: देश में इन दिनों मौसम पूरी तरह से बदलता हुआ नजर आ रहा है. कहीं तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है, तो कहीं बारिश और आंधी राहत के साथ नई परेशानियां भी लेकर आ रही है. ऐसे में हर किसी के मन में यही सवाल है कि आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा, क्या गर्मी बढ़ेगी या बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. मौसम विभाग के ताजा अनुमान बताते हैं कि अप्रैल के शुरुआती दिनों में देश के कई हिस्सों में मौसम का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा.
पश्चिमी विक्षोभ का असर, कई राज्यों में बदलेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत पर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों का प्रभाव देखने को मिलेगा. खासतौर पर 3, 4 और 7 अप्रैल को इनका असर ज्यादा रहेगा. इन दिनों कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है. इससे तापमान में गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है.
पिछले 24 घंटों में भी देश के कई हिस्सों में मौसम ने अपना असर दिखाया है. अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश हुई, जबकि मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि दर्ज की गई. कई इलाकों में 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं.
⚠️ IMD Weather Alert !
Two active western disturbances expected to impact Northwest India this week, with peak intensity on April 3rd–4th and again on April 7th.
🌧️ Heavy rainfall likely in Kashmir Valley
🌩️ Hailstorms expected on April 3rd & 4thStay safe and take necessary… pic.twitter.com/gxOzHI7QDA
— India Meteorological Department (@Indiametdept) April 2, 2026
दिल्ली में बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
राजधानी दिल्ली में मौसम बदलने के संकेत साफ नजर आ रहे हैं. सुबह हल्के बादल रहेंगे, जो दोपहर तक घने हो सकते हैं. दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है. इसके साथ ही 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो झोंकों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं. तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश में पहले गर्मी, फिर बारिश
उत्तर प्रदेश में अभी तेज धूप और गर्मी का असर बना हुआ है, लेकिन जल्द ही मौसम बदल सकता है. अगले 48 घंटों में तापमान करीब 2 डिग्री तक बढ़ सकता है, लेकिन 3 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद स्थिति बदल जाएगी. इसके बाद राज्य के कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी. साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है. इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है.
बिहार में राहत के साथ चुनौती
बिहार में भी मौसम दो रूपों में नजर आ रहा है. एक ओर गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, वहीं दूसरी ओर बादलों की आवाजाही बनी हुई है. 5 अप्रैल के आसपास मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और तेज आंधी की संभावना है. हालांकि पूरे अप्रैल महीने में मौसम ऐसा ही उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है, जहां कभी तापमान 40 डिग्री के पार जाएगा तो कभी आंधी-तूफान राहत देगा.
राजस्थान में बारिश और ओलावृष्टि के आसार
राजस्थान में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है. कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है. आने वाले दिनों में जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जयपुर समेत कई इलाकों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 3 और 4 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. इसके अलावा 7-8 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे मौसम फिर खराब हो सकता है.
पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में मौसम ज्यादा सक्रिय रहेगा. 3 से 6 अप्रैल के बीच यहां हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है.
तेज हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है. कुछ जगहों पर ओलावृष्टि और भारी बारिश की भी संभावना है.
झारखंड और अन्य राज्यों में भी अलर्ट
झारखंड के कई जिलों में 4 और 5 अप्रैल को गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका है.
पंजाब और हरियाणा में भी 3-4 अप्रैल को तेज बारिश और आंधी का अनुमान है, जबकि 7-8 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
दक्षिण भारत में भी बदलेगा मौसम
दक्षिण भारत में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इस दौरान तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं.