तंबाकू किसानों को बड़ी राहत! 188 करोड़ की योजना को मंजूरी, 20 रुपये किलो मिलेगी आर्थिक मदद

आंध्र प्रदेश के तंबाकू किसानों को राहत देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने 188 करोड़ रुपये की संयुक्त मूल्य स्थिरीकरण योजना शुरू की है. इसके तहत किसानों को 20 रुपये प्रति किलो की मूल्य अंतर भरपाई मिलेगी. सरकार 9.4 करोड़ किलो तंबाकू की खरीद में सहायता करेगी और तय न्यूनतम कीमत सुनिश्चित करने के लिए नीलामी पर नजर रखेगी.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 28 Jul, 2026 | 02:38 PM

Tobacco Rate: आंध्र प्रदेश के तंबाकू किसानों को बड़ी राहत मिली है. केंद्र और राज्य सरकार ने करीब 188 करोड़ रुपये की संयुक्त मूल्य स्थिरीकरण योजना (प्राइस स्टेबलाइजेशन) को मंजूरी दी है. इस योजना के तहत किसानों को तंबाकू की कीमत कम मिलने पर 20 रुपये प्रति किलोग्राम की भरपाई की जाएगी, ताकि उन्हें उचित दाम मिल सके और बाजार में कीमतों में गिरावट से नुकसान न उठाना पड़े. खास बात यह है कि योजना के तहत सरकार 94 मिलियन किलोग्राम (9.4 करोड़ किलोग्राम) तंबाकू की खरीद में सहायता करेगी.

द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य मौजूदा विपणन सीजन  में सभी गुणवत्ता वाले तंबाकू के लिए किसानों को उचित दाम दिलाना और उन्हें आर्थिक नुकसान से बचाना है. केंद्र और आंध्र प्रदेश सरकार ने तंबाकू किसानों को उचित दाम दिलाने के लिए अलग-अलग गुणवत्ता वाले तंबाकू के न्यूनतम खरीद भाव तय किए हैं. इसके तहत ब्राइट ग्रेड तंबाकू का न्यूनतम भाव 240 रुपये प्रति किलोग्राम, मीडियम ग्रेड का 190 रुपये प्रति किलोग्राम और लो ग्रेड तंबाकू का 110 रुपये प्रति किलोग्राम रखा गया है.

नीलामी और बाजार की स्थिति पर रहेगी नजर

कृषि मंत्री किनजारापु अच्चन्नायडू ने कहा कि राज्य सरकार तंबाकू बोर्ड के साथ मिलकर नीलामी और बाजार की स्थिति  पर लगातार नजर रखेगी, ताकि किसानों को तय न्यूनतम कीमत से कम दाम न मिले. यह फैसला मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद लिया गया. बैठक में कृषि मंत्री, तंबाकू बोर्ड, राज्य विपणन विभाग और तंबाकू व्यापार से जुड़े अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया.

केंद्र के संपर्क में सीएम नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू तंबाकू किसानों को उचित कीमत दिलाने के लिए लगातार केंद्र सरकार के संपर्क में हैं. हाल ही में उन्होंने अमरावती में केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तंबाकू बाजार की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की. बैठक के बाद केंद्र सरकार के अधिकारियों ने राज्य के तंबाकू व्यापारियों से भी बातचीत की, ताकि तंबाकू की खरीद में तेजी लाई जा सके और किसानों को बेहतर दाम मिल सकें.

मुख्यमंत्री नायडू ने अधिकारियों और बाजार नियामकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अलग-अलग ग्रेड के तंबाकू के लिए तय न्यूनतम कीमत का सख्ती से पालन कराया जाए. उनका कहना है कि किसानों को मजबूरी में कम दाम पर अपनी उपज बेचने की नौबत नहीं आने दी जाएगी.

तंबाकू उत्पादन लक्ष्य में बड़ी कटौती

वहीं, बाजार में तंबाकू की अधिक आपूर्ति और घटती मांग को देखते हुए तंबाकू बोर्ड ने 2026-27 सीजन के लिए उत्पादन लक्ष्य में बड़ी कटौती की है. आंध्र प्रदेश में उत्पादन लक्ष्य 14.2 करोड़ किलोग्राम (142 मिलियन किग्रा) से घटाकर 8.1 करोड़ किलोग्राम (81 मिलियन किग्रा) कर दिया गया है, यानी करीब 43 फीसदी की कमी की गई है. वहीं, कर्नाटक में भी लक्ष्य 10 करोड़ किलोग्राम से घटाकर 5.1 करोड़ किलोग्राम कर दिया गया है, जो पिछले साल की तुलना में 44 फीसदी कम है.

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 28 Jul, 2026 | 02:35 PM

लेटेस्ट न्यूज़