Dairy Farming: आज के समय में किसान सिर्फ खेती पर निर्भर नहीं रहना चाहते, बल्कि ऐसे काम भी करना चाहते हैं जिससे उनकी आमदनी लगातार बढ़ती रहे. ऐसे में डेयरी बिजनेस एक बेहतरीन विकल्प बनकर सामने आया है. खास बात यह है कि अगर सही नस्ल की गाय का चुनाव किया जाए, तो कम खर्च में भी अच्छी कमाई की जा सकती है. देसी गायों की कुछ नस्लें ऐसी हैं, जो ज्यादा दूध देती हैं और कम देखभाल में भी आसानी से पाली जा सकती हैं.
गिर गाय- दूध और मुनाफे में नंबर वन
गिर गाय को देश की सबसे अच्छी दुधारू नस्लों में गिना जाता है. यह गुजरात के गिर इलाके की प्रसिद्ध नस्ल है और ज्यादा दूध देने के लिए जानी जाती है. किसान इससे रोजाना करीब 8 से 10 लीटर तक दूध प्राप्त कर सकते हैं.
इसकी पहचान इसके धब्बेदार शरीर, बड़े कान और मुड़े हुए सींग से होती है. गिर गाय का दूध बाजार में महंगे दाम पर बिकता है, जिससे किसानों को अच्छा मुनाफा मिलता है. यही वजह है कि आज कई किसान इस नस्ल को अपनी पहली पसंद बना रहे हैं.
लाल सिंधी- गर्मी में भी नहीं रुकता उत्पादन
लाल सिंधी गाय उन किसानों के लिए बहुत फायदेमंद है, जो गर्म इलाकों में रहते हैं. यह नस्ल गर्म मौसम में भी आसानी से रह सकती है और दूध उत्पादन में कमी नहीं आने देती. यह गाय रोजाना लगभग 8 से 10 लीटर तक दूध देती है. इसकी पहचान लाल रंग और मजबूत शरीर से होती है. राजस्थान और हरियाणा जैसे राज्यों में यह नस्ल काफी लोकप्रिय है. अगर किसान इस गाय का पालन करते हैं, तो उन्हें सालभर स्थिर आमदनी मिल सकती है.
साहीवाल गाय- सबसे ज्यादा दूध देने वाली नस्ल
साहीवाल गाय को देसी नस्लों में सबसे ज्यादा दूध देने वाली गाय माना जाता है. यह रोजाना 10 से 16 लीटर तक दूध देने की क्षमता रखती है. इसका रंग लाल-भूरा होता है और इसकी त्वचा ढीली होती है. एक बार के ब्यांत में यह 2000 से 3000 लीटर तक दूध दे सकती है. अगर किसान सही तरीके से इसकी देखभाल करें, तो यह नस्ल डेयरी बिजनेस में बड़ा मुनाफा दिला सकती है.
देसी गायें क्यों हैं सबसे ज्यादा फायदेमंद
देसी गायों को पालना किसानों के लिए काफी आसान और सस्ता होता है. ये गायें स्थानीय मौसम में जल्दी ढल जाती हैं, जिससे इनके रखरखाव में ज्यादा खर्च नहीं आता. इनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इनमें बीमारियां कम होती हैं, क्योंकि इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है. इससे दवा का खर्च भी कम होता है. इसके साथ ही, इनका दूध भी बाजार में अच्छी कीमत पर बिकता है. अगर किसान सही नस्ल का चुनाव करके अच्छी देखभाल करें, तो डेयरी बिजनेस से नियमित और अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है. यही वजह है कि आज के समय में देसी गायों का पालन किसानों के लिए फायदे का सौदा साबित हो रहा है.