संसद का मॉनसून सत्र शुरू, PM मोदी बोले- कई अहम बिल आएंगे.. देशहित में मिलकर करें काम

संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि सरकार कई अहम बिल पेश करेगी और सभी दलों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने में सहयोग देने की अपील की. पीएम ने कहा कि सकारात्मक मॉनसून सत्र देश और जनता के हित में होगा.

Kisan India
नोएडा | Updated On: 20 Jul, 2026 | 11:16 AM

संसद के मॉनसून सत्र की शुरुआत से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह सत्र काफी महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक होने वाला है. उन्होंने कहा कि सरकार इस दौरान कई अहम विधेयक (बिल) पेश करेगी. साथ ही उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने और सकारात्मक सहयोग देने की अपील की. मीडिया को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे अच्छा मॉनसून देश के लिए फायदेमंद होता है, वैसे ही संसद का मॉनसून सत्र भी सकारात्मक और परिणाम देने वाला होना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर मॉनसून और संसद दोनों अच्छे ढंग से चलें, तो इसका फायदा देश और जनता को मिलता है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले एक महीने में भारत ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर हर देशवासी को गर्व होना चाहिए. उन्होंने कहा कि देश ने राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और अंतरिक्ष क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले साल मॉनसून सत्र  से पहले एक भारतीय नागरिक अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर था. वहीं, दो दिन पहले भारत के युवाओं के नेतृत्व वाले एक स्टार्टअप ने अंतरिक्ष क्षेत्र में ऐसी उपलब्धि हासिल की, जिसे अब तक दुनिया के बहुत कम देश हासिल कर पाए हैं.

भारत की हाल की उपलब्धियां सिर्फ संयोग नहीं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की हाल की उपलब्धियां सिर्फ संयोग नहीं, बल्कि देश की बढ़ती ताकत का संदेश हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं ने अपनी क्षमता और प्रतिभा से दुनिया में देश का सम्मान बढ़ाया है. पीएम ने कहा कि इन सफलताओं से यह साबित होता है कि भारत के युवाओं की क्षमता और उनके सपने अंतरिक्ष की तरह असीम हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं ने देश में आत्मविश्वास बढ़ाया है और पूरी दुनिया में भारत की नई पहचान बनाई है.

चर्चा तर्क और तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि संसद में चर्चा तर्क और तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए, न कि शोर-शराबे के साथ. उन्होंने कहा कि अगर किसी के पास मजबूत तर्क और तथ्य हैं, तो ऊंची आवाज में बोलने की जरूरत नहीं होती. साथ ही उन्होंने कहा कि संसद में हर पक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए. प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में देश की हाल की उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि हाल ही में राजस्थान में एक बड़ी ऑयल रिफाइनरी, देश का तीसरा सेमीकंडक्टर प्लांट और ग्रीन हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन देश को समर्पित की गई है. पीएम ने कहा कि भारत की हाइड्रोजन ट्रेन दुनिया की सबसे शक्तिशाली इंजन वाली और सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन है, जो देश की तकनीकी प्रगति का बड़ा उदाहरण है.

 

Get Latest   Farming Tips ,  Crop Updates ,  Government Schemes ,  Agri News ,  Market Rates ,  Weather Alerts ,  Equipment Reviews and  Organic Farming News  only on KisanIndia.in

Published: 20 Jul, 2026 | 11:04 AM

लेटेस्ट न्यूज़