PM Kisan Yojana 24th Installment: देश के करोड़ों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना आर्थिक सहारे का बड़ा माध्यम बनी हुई है. इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की मदद तीन किस्तों में दी जाती है. सरकार अब तक किसानों के खाते में 23 किस्तें भेज चुकी है. अब किसानों को अगली यानी 24वीं किस्त का इंतजार है. ऐसे में अगर किसी किसान की पिछली किस्त रुकी हुई है, तो समय रहते अपनी जानकारी में सुधार करना बेहद जरूरी है, ताकि अगली किस्त का पैसा बिना किसी परेशानी के खाते में पहुंच सके.
छोटी गलती से रुक सकती है 2000 रुपये की किस्त
पीएम किसान योजना में पैसा अटकने की सबसे बड़ी वजह किसानों की जानकारी में होने वाली छोटी-छोटी गलतियां होती हैं. सरकार ने योजना में पारदर्शिता बढ़ाने और फर्जी लाभार्थियों को रोकने के लिए कई जरूरी नियम लागू किए हैं. यदि किसान के दस्तावेजों में कोई कमी है या ऑनलाइन जानकारी गलत दर्ज है, तो किस्त का भुगतान रुक सकता है. इसलिए किसानों को अपनी सभी जरूरी जानकारियां समय पर जांच कर अपडेट कर लेनी चाहिए.
इन वजहों से अटकता है पीएम किसान का पैसा
किसानों की किस्त रुकने के कई मुख्य कारण हो सकते हैं. सबसे पहला कारण है ई-केवाईसी (e-KYC) का पूरा न होना. सरकार ने सभी लाभार्थियों के लिए –केवाईसी अनिवार्य कर दी है. इसके बिना किस्त जारी नहीं की जाती. इसके अलावा बैंक खाते की जानकारी में गलती भी बड़ी वजह बन सकती है. बैंक अकाउंट नंबर, आईएफएससी कोड या अन्य बैंक डिटेल गलत होने पर पैसा खाते में ट्रांसफर नहीं हो पाता. वहीं, आवेदन में दर्ज किसान का नाम और सरकारी रिकॉर्ड में मौजूद नाम में अंतर होने, जमीन से जुड़े रिकॉर्ड का सत्यापन पूरा नहीं होने जैसी समस्याओं के कारण भी किस्त रुक सकती है.
24वीं किस्त से पहले ऐसे करें अपनी जानकारी अपडेट
अगर आपकी पिछली किस्त नहीं आई है, तो सबसे पहले पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना स्टेटस चेक करें. किसान फार्मर कॉर्नर में जाकर अपनी जानकारी की जांच कर सकते हैं. यदि प्रोफाइल में कोई गलती दिखाई देती है, तो उसे तुरंत ठीक कराएं. ई-केवाईसी पूरी करें, बैंक खाते की जानकारी सही करवाएं और भूमि रिकॉर्ड से जुड़ी प्रक्रिया भी पूरी रखें. इससे आने वाली किस्त मिलने की संभावना बढ़ जाएगी.
सितंबर-अक्टूबर में आ सकती है 24वीं किस्त
पीएम किसान योजना के तहत किस्तें आमतौर पर चार महीने के अंतराल पर जारी की जाती हैं. 23वीं किस्त जारी होने के बाद अब किसानों को 24वीं किस्त का इंतजार है. अनुमान लगाया जा रहा है कि यह किस्त सितंबर से अक्टूबर के बीच जारी की जा सकती है. हालांकि, इसकी आधिकारिक तारीख सरकार की ओर से घोषित नहीं की गई है.सरकार का उद्देश्य है कि सभी पात्र किसानों तक योजना का लाभ पहुंचे. इसलिए किसानों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते अपनी ई-केवाईसी, बैंक डिटेल और अन्य जरूरी जानकारी की जांच कर लें, ताकि 2000 रुपये की किस्त किसी गलती की वजह से न रुके.