Today weather: देश के कई हिस्सों में जहां धीरे-धीरे गर्मी का असर बढ़ रहा है, वहीं दूसरी ओर मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत सात राज्यों के लिए सतर्कता जारी की है.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम अचानक बदल सकता है. इस दौरान कई जगहों पर तेज आंधी चलने और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. अनुमान है कि कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इससे तापमान में थोड़ी गिरावट भी देखने को मिल सकती है.
उत्तर भारत के इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत के सात प्रमुख राज्यों में मौसम अस्थिर रहने वाला है. जिन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है उनमें उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं.
पूर्वानुमान के मुताबिक 12 मार्च से लेकर 17 मार्च तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी इसी अवधि में कई स्थानों पर हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है.
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ क्षेत्र में 14 से 16 मार्च के बीच बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है. इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी दी गई है.
मौसम संबंधी चेतावनी
मुख्य बिंदु
i) गुजरात राज्य में 11 से 13 मार्च के दौरान उष्ण लहर से भीषण उष्ण लहर की स्थिति जारी रहने की संभावना है और उसके बाद इसमें कमी आने की संभावना है।
ii) अरुणाचल प्रदेश में 12 से 14 मार्च के दौरान और असम और मेघालय में 13 से 15 मार्च के दौरान कुछ… pic.twitter.com/hz6CflS39n— India Meteorological Department (@Indiametdept) March 11, 2026
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश में मौसम फिलहाल गर्मी की ओर बढ़ रहा है, लेकिन 15 और 16 मार्च को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने इन दिनों राज्य के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.
कुछ स्थानों पर बादल गरजने और बिजली गिरने की भी आशंका है. वहीं कई जिलों में तापमान भी बढ़ सकता है. मेरठ, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, अमरोहा, बरेली, अयोध्या, कानपुर और बाराबंकी समेत कई जिलों में दिन का तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
दिल्ली में बादल और तेज हवाएं
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. 12 मार्च की शाम से आसमान में बादल छाने की संभावना जताई गई है. दिन के समय हल्की गर्मी महसूस होगी, लेकिन हवा चलने से लोगों को कुछ राहत मिल सकती है.
दिल्ली में हवाओं की रफ्तार 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इन हवाओं की वजह से प्रदूषण के स्तर में भी कुछ कमी आ सकती है. यहां अधिकतम तापमान लगभग 33 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
बिहार और पूर्वी भारत में बढ़ेगी गर्मी
बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना कम बताई गई है, लेकिन गर्मी धीरे-धीरे बढ़ सकती है. कई जिलों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है. पटना, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया और समस्तीपुर जैसे जिलों में लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
पूर्वी भारत के कुछ राज्यों में दोपहर के समय 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे मौसम में हल्का बदलाव महसूस होगा.
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में 12 से 17 मार्च के बीच बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है. शिमला, मंडी, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा जैसे जिलों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है.
उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है. इससे पहाड़ी इलाकों में ठंडक बढ़ सकती है.
देश के अन्य हिस्सों में लू की चेतावनी
जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश का अनुमान है, वहीं पश्चिम और दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में गर्मी तेज हो सकती है. मौसम विभाग ने सौराष्ट्र और कच्छ क्षेत्र में भीषण लू चलने की चेतावनी दी है.
राजस्थान, तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाएं चलने की संभावना है. ऐसे में लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने और ज्यादा देर तक धूप में न रहने की सलाह दी गई है.